संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर परिचर्चा, छात्राओं को दी जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख
वाराणसी, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र स्थित भंदहा कला, कैथी के आशा लाइब्रेरी परिसर में ‘हम भारत के लोग’ विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें छात्राओं ने भारतीय संविधान की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए उसके महत्व को रेखांकित किया।
परिचर्चा में बतौर अतिथि शामिल वक्ताओं ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति, मजबूती और विकास में संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। एक सशक्त और सुव्यवस्थित संविधान ही देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को संविधान में प्रदत्त अपने मौलिक अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे भविष्य में जागरूक नागरिक बनकर समाज और जनहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।
वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए केवल अपने अधिकारों की जानकारी होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध रहना भी जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कठपुतली कलाकार मिथिलेश दुबे की ओर से संविधान से संबंधित विभिन्न पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से उपस्थित लोगों को संविधान और उससे जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने परिचर्चा में शामिल अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

