वाराणसी: संतोष मूरत सिंह शिवपुर विधानसभा से आजाद अधिकार सेना के प्रत्याशी घोषित

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: संतोष मूरत सिंह शिवपुर विधानसभा से आजाद अधिकार सेना के प्रत्याशी घोषित


वाराणसी,12 अगस्त (हि.स.)। आजाद अधिकार सेना ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए वाराणसी की 386-शिवपुर विधानसभा सीट से संतोष मूरत सिंह को अपना पहला प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नूतन ठाकुर ने बुधवार को पत्र जारी कर इसकी घोषणा की।

चोलापुर निवासी संतोष मूरत सिंह पिछले दो दशक से अधिक समय से सरकारी अभिलेखों में मृत घोषित किए जाने के बाद खुद को जीवित साबित करने के संघर्ष को लेकर चर्चा में हैं। सरकारी दस्तावेजों में मृत दर्ज होने के बाद वह तहसील से लेकर शासन-प्रशासन तक अपनी पहचान और जीवित होने का अधिकार प्रमाणित करने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।

संतोष मूरत सिंह मूल रूप से चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौनी गांव के निवासी हैं। उनका आरोप है कि पट्टीदारों ने साजिश के तहत उन्हें सरकारी अभिलेखों में मृत घोषित करा दिया और उनकी संपत्तियां अपने नाम करा लीं। इस दौरान यह अफवाह भी फैलाई गई कि ट्रेन में हुए धमाके में उनकी मौत हो गई है। इसके बाद से संतोष मूरत सिंह गले में ‘मैं जिंदा हूँ’ लिखी तख्ती लटकाकर विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाते रहे हैं।

उनके मामले का संज्ञान तत्कालीन वाराणसी जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने भी लिया था। वह संतोष मूरत सिंह के घर पहुंचे और मामले की जानकारी ली थी। हालांकि, उनके तबादले के बाद मामला फिर पुराने ढर्रे पर लौट गया। संतोष मूरत की जमीन से जुड़े दस्तावेज और उनका प्रकरण तहसील की फाइलों तक ही सीमित रह गए।

आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने कहा कि संतोष मूरत सिंह अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष तथा आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए चुनाव मैदान में पार्टी प्रत्याशी के रूप में उतरेंगे। पार्टी ने उन्हें शिवपुर विधानसभा सीट से अपना पहला प्रत्याशी घोषित किया है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story