गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान में मुख्यमंत्री योगी ने जलाया दीप
रविदास पार्क में 11 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता, और सद्भाव का संदेशवाराणसी, 29 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित राष्ट्रव्यापी 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' के तहत बुधवार शाम वाराणसी के रविदास पार्क और रविदास घाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों, संत समाज तथा बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ 11 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता, सद्भाव और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगवां स्थित रविदास पार्क में संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की। इसके बाद उन्होंने रविदास घाट पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। 'गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान' के अंतर्गत गंगा तट स्थित रविदास घाट पर दीप जलाकर सामाजिक समरसता के संकल्प को दोहराया गया।
इस अभियान के तहत देशभर में संत गुरु रविदास महाराज के मंदिरों तथा भाजपा के मंडल स्तर तक दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भदोही जिले का नाम पुनः 'संत रविदास नगर' किए जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित संत रविदास के अनुयायियों ने जोरदार स्वागत किया।
रविदासी श्रद्धालु धर्मपाल सिंह और अविनाश चंद्र ने कहा कि जिले का नाम पुनः संत रविदास नगर होना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। वहीं वरिंदर बब्लू, देशराज और कृष्ण लाल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय संत रविदास के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

