वाराणसी: सफाई कर्मियों ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: सफाई कर्मियों ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन


वाराणसी,13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में सफाई कर्मियों ने वेतन वृद्धि एवं ड्यूटी अवधि समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को लंका स्थित मालवीय चौराहे और मलदहिया स्थित पटेल चौराहे पर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सड़क पर कूड़ा बिखेर कर गाजियाबाद के सफाई कर्मियों के वेतन का उदाहरण देकर एकसमान वेतन देने की आवाज बुलन्द की।

कर्मचारियों के प्रदर्शन से मार्ग पर यातायात भी जाम हो गया। सूचना पाकर पुलिस के अफसरों के साथ नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अफसरों ने पहले उन्हें समझाने का प्रयास किया। कर्मचारियों के न मानने पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने उनकी बात सुनी और उन्हें समझाया। पूरे प्रदेश में अकुशल श्रेणी के कर्मचारियों को एकसमान वेतन की बात उन्होंने बताई तब जाकर सफाई कर्मी शांत हुए और जाम समाप्त किया।

इस दौरान सफाई कर्मियों ने अपनी आर्थिक परेशानियों और कठिन कार्य के परिस्थितियों को खुलकर सामने रखा। कर्मचारियों ने बताया कि “18 हजार रूपये वेतन देने का वादा किया गया था। लेकिन सिर्फ 8 से 9 हजार रूपये ही मिल रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई में इतने कम वेतन में परिवार चलाना बेहद मुश्किल हो गया है।

प्रदर्शन में शामिल कर्मचारी आकाश ने बताया कि आठ हजार रूपये महिने में तीन हजार तो कमरे के किराए में ही चले जाते हैं। बच्चों की पढ़ाई, राशन और बाकी खर्च चलाना बहुत कठिन हो गया है। सफाई कर्मी ही शहर की सफाई व्यवस्था संभालते हैं, नालों की सफाई करते हैं और मृत पशुओं को उठाने जैसे कठिन कार्य करते हैं। इसके बावजूद उन्हें न तो पर्याप्त वेतन मिल रहा है और न ही वह सम्मान, जिसके वे हकदार हैं।

अन्य कर्मचारियों ने कहा कि “स्वच्छ शहर” का सपना उन्हीं की मेहनत से पूरा होता है, लेकिन उनकी समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। कर्मचारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हर क्षेत्र में वेतन बढ़ा है, लेकिन सफाई कर्मियों की स्थिति वर्षों से जस की तस बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story