बीएचयू में ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ में जमकर दौड़े युवा, कुलपति ने दिखाई हरी झंडी
वाराणसी, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में शुक्रवार को काशी तमिल संगमम् 5.0 को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। संगमम के तहत आयोजित ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ में सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया। मालवीय भवन से शुरू हुई दौड़ रविदास गेट तक पहुंची। युवाओं ने दौड़ के माध्यम से काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव तथा ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया।
दौड़ को बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान युवाओं का उत्साह देखकर कुलपति भी काफी प्रभावित नजर आए।
उन्होंने कहा कि “इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को देखकर हमें भी उत्साह मिला है। बीएचयू अपने आप में एक राष्ट्र की तरह है, जहां देश के हर राज्य के विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। यहां अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं से जुड़े लोग एक साथ रहते हैं।”
उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् के माध्यम से प्राचीन सभ्यता, आध्यात्मिक परंपराओं और संगीत का संगम देखने को मिलेगा। यह आयोजन काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषायी और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करने का माध्यम है।
इस बार काशी तमिल संगमम् का आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक होगा। इसके पांचवें संस्करण की थीम थिरुक्कुरल पयिलवोम—थिरुक्कुरल का अभ्यास करें रखी गई है। थिरुक्कुरल तमिल भाषा का एक प्राचीन और प्रसिद्ध ग्रंथ है, जिसमें नैतिकता, जीवन मूल्यों और सदाचरण की सीख दी गई है। संत कवि थिरुवल्लुवर ने इस ग्रंथ को तीन भागों में विभाजित किया है: अरम (सद्गुण), पोरुल (धन और समाज व्यवस्था) तथा इन्बम (प्रेम)। इस ग्रंथ के विचारों को अनुवाद के माध्यम से तमिल भाषा से इतर भाषाओं के विद्यार्थियों और आम लोगों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है।
कार्यक्रम की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव ने संभाली। उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाला एक महत्वपूर्ण आयोजन है। यह दोनों क्षेत्रों की साझा विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रहा है। ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ भी इसी प्रयास का हिस्सा है, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

