चैत्र शुक्ल प्रतिपदा: संघ संस्थापक डॉ हेडगेवार के जन्मदिवस पर स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में प्रणाम निवेदित किया

WhatsApp Channel Join Now
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा: संघ संस्थापक डॉ हेडगेवार के जन्मदिवस पर स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में प्रणाम निवेदित किया


- भारतीय नव वर्ष में केवल कैलेंडर नहीं बदलता, बल्कि प्रकृति भी अपना स्वरूप परिवर्तन करती है: जयप्रकाश लाल

वाराणसी,19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर गुरूवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार के जन्मदिवस पर स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में प्रणाम निवेदित किया। संघ के काशी दक्षिण भाग के सभी 12 नगरों में लगभग 30 स्थानों पर स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में उपस्थित होकर अपने आद्य सरसंघचालक को नमन कर भावांजलि दी।

शिवाला स्थित रत्नाकर पार्क में गंगा नगर की ओर से आयोजित वर्ष प्रतिपदा उत्सव में बतौर मुख्य वक्ता काशी विभाग के विभाग संघचालक जयप्रकाश लाल ने कहा कि भारतीय नव वर्ष में केवल कैलेंडर नहीं बदलता, बल्कि प्रकृति भी अपना स्वरूप परिवर्तन करती है। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ही परम पिता ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना प्रारंभ की। आज का दिवस श्री रामराज्यारोहण का, युधिष्ठिर के राज्याभिषेक का, विक्रम संवत प्रारंभ होने का भी है। आज के दिन 1889 में नागपुर में डॉ केशव बलिराम हेडगेवार का जन्म हुआ था। उन्होंने डॉ हेडगेवार के जीवन के अनेक प्रसंगों को बताया। बताया कि 1940 में नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की गई,जो आज अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है।

इसी क्रम में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कृषि संस्थान मैदान में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में मुख्य वक्ता काशी दक्षिण भाग के प्रचार प्रमुख रवि कान्त ने नव वर्ष एवं डॉ हेडगेवार जयंती पर स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उत्सव में गंगा नगर के संघचालक वेंकट रमन घनपाठी, सौरभ, अभय, अजीत, विकास आदि भी मौजूद रहे।

22 मार्च को आयोजित होगा पथ संचलन

22 मार्च, 2026 दिन रविवार को वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी दक्षिण भाग का पथ संचलन दुर्गा कुंड स्थित धर्म संघ शिक्षा मंडल में दोपहर 3.00 बजे से आयोजित होगा।

काशी उत्तर भाग में इन स्थानों पर भी कार्यक्रम

राजर्षि नगर यूपी कालेज में आयोजित वर्ष प्रतिपदा उत्सव को मुख्य वक्ता अमरदीप (विभाग मुख्य मार्ग प्रमुख) ने सम्बोधित किया। नगर संघचालक वीरेंद्र की उपस्थित मेें कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश (प्रधानाचार्य उदय प्रताप कॉलेज) ने किया। इसके अतिरिक्त संकटहरण शाखा-गौतम नगर, प्रेमचंद नगर, वरुणा शाखा-न्याय नगर, एचआईजी कॉलोनी चांदमारी-विश्वनाथ नगर समेत अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story