वाराणसी जोन में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा: 3,502 वाहनों का चालान, 32.52 लाख शमन शुल्क वसूला

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी जोन में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा: 3,502 वाहनों का चालान, 32.52 लाख शमन शुल्क वसूला


-एडीजी जोन नवीन अरोरा के निर्देशन में नौ जनपदों में चल रहा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान, यातायात नियमों के पालन की अपील

वाराणसी, 24 नवंबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वाराणसी जोन के नौ जनपदों में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी जोन) नवीन अरोरा के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।

अभियान के तहत 21 नवंबर को मॉडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल पर 142 वाहनों का चालान कर 60,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। वहीं, हूटर के दुरुपयोग पर 34 वाहनों का चालान कर 43,000 रुपये, अवैध सायरन के इस्तेमाल पर 15 वाहनों का चालान कर 2,000 रुपये तथा प्रेशर हॉर्न के प्रयोग पर 100 वाहनों का चालान कर 85,000 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने के मामले में 131 वाहनों का चालान कर 1,41,000 रुपये की धनराशि वसूली गई।

एडीजी जोन कार्यालय की ओर से मंगलवार को दी गई जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 6,372 लोगों को जागरूक किया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,192 वाहनों का चालान कर 5,17,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इसी तरह बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4,290 लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान 385 वाहनों का चालान कर 6,27,000 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।

वहीं, 23 नवंबर को अवयस्कों के वाहन चलाने के मामलों में 66 चालान कर 73,000 रुपये, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 907 चालान कर 10,50,400 रुपये तथा बिना वैध बीमा के वाहन चलाने पर 530 चालान कर 6,52,600 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।

यह अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर तक वाराणसी जोन के जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, आजमगढ़, बलिया और मऊ जनपदों में चलाया जा रहा है। इसके तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

एडीजी जोन नवीन अरोरा ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। अवयस्कों को वाहन न दें, दोपहिया पर तीन सवारी न बैठाएं और मानक के अनुरूप एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाएं। इसके साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर, अवैध सायरन, प्रेशर हॉर्न और काली फिल्म के इस्तेमाल से बचें।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। सुरक्षित यात्रा न केवल स्वयं की, बल्कि परिवार की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। आपकी सुरक्षा ही आपके परिवार की सबसे बड़ी खुशी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story