वाराणसी: डीसीएम की चपेट में आकर पिता की माैत, पुत्र घायल

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: डीसीएम की चपेट में आकर पिता की माैत, पुत्र घायल


वाराणसी, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद में शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार सुबह पिता-पुत्र काे तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और क्षेत्रीय लोगों ने बनारस-लखनऊ हाईवे जाम कर मुआवजे की मांग की।

एसीपी अपूर्व पांडेय ने बताया कि आज सुबह शुद्धिपुर बाईपास स्थित हनुमान मंदिर के पास एक आम लदी डीसीएम ने मिट्टी के कुल्हड़ बेचने जा रहे हटिया (बसकड़ा), शिवपुर निवासी छेदी लाल प्रजापति (65) और उनके बेटे काशी प्रजापति (35) काे टक्कर मार दी। इस हादसे में डीसीएम के पहिये के नीचे आने से पिता छेदी लाल प्रजापति की माैके पर ही माैत हाे गई। जबकि बेटा काशी गंभीर रुप से घायल हाे गया। वहीं हादसे के बाद डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे जाकर पलट गया। इस घटना की पूरी फुटेज पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

एसीपी ने बताया कि घटना का कारण चौराहे के समीप एक मकान निर्माण के लिए मुख्य सड़क पर गिराई गई मिट्टी है। बताया जा रहा है कि डीसीएम मिट्टी पर चढ़ने के बाद चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई। घटना की जानकारी पर आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने गिलट बाजार-बाबतपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम नितिन सिंह, थाना पुलिस के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक छेदी लाल प्रजापति के बड़े बेटे बनारसी प्रजापति की भी करीब तीन महीने पहले ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी। लगातार दूसरी पारिवारिक माैत से 10 सदस्यीय परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। अधिकारियों ने परिजनों को नियमानुसार सरकारी मुआवजा दिलाने और हरसंभव न्याय का आश्वासन दिया। इसके बाद लगभग तीन घंटे से जारी जाम करीब 9:30 बजे समाप्त हुआ।

एसीपी अपूर्व पांडेय ने बताया कि शिवपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story