वाराणसी: अमेरिका की रिसर्च फेलोशिप के लिए चयनित हुए वीरभद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now


वाराणसी,20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के युवा समाजसेवी एवं दिवि वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक वीरभद्र सिंह का चयन अमेरिका स्थित इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ बिजनेस (आईएबी) की प्रतिष्ठित रिसर्च फेलोशिप के लिए हुआ है। इस उपलब्धि को सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान माना जा रहा है।

फेलोशिप के तहत वीरभद्र सिंह “भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका में सामाजिक समानता, शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण की नीतियों का तुलनात्मक विश्लेषण” विषय पर शोध करेंगे। शोध में दोनों देशों की नीतियों, योजनाओं और उनके प्रभावों का अध्ययन किया जाएगा तथा समावेशी विकास के लिए सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे।

यह जानकारी शनिवार को दिवि वेलफेयर फाउंडेशन ने दी। संस्था की ओर से बताया गया कि यह शोध सामाजिक न्याय, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित होगा। भारत और अमेरिका के अनुभवों का तुलनात्मक अध्ययन भविष्य की नीतियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

शोध के लिए चयनित वीरभद्र सिंह के अनुसार, फाउंडेशन अपनी पाठशाला, दिवि पॉलिसी फोरम, प्रोजेक्ट उत्थान और प्रोजेक्ट शक्ति के माध्यम से शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व विकास और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मेलन, शोध संवाद और सामाजिक नेतृत्व कार्यक्रमों का भी आयोजन करती है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले अमेरिका के लिविंगस्टोन कॉलेज और हॉवर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में “भारत में स्लम शिक्षा” विषय पर शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों ने खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दी है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story