काशी का लक्खा रथयात्रा मेला इस बार प्लास्टिक मुक्त होगा, दुकानदारों से लिया जाएगा शपथ पत्र

WhatsApp Channel Join Now
काशी का लक्खा रथयात्रा मेला इस बार प्लास्टिक मुक्त होगा, दुकानदारों से लिया जाएगा शपथ पत्र


-महापौर ने की समीक्षा, मार्ग दुरुस्त करने व सीवर ओवरफ्लो रोकने के लिए दिशा—निर्देश

वाराणसी, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) के विश्वप्रसिद्ध लक्खा रथयात्रा मेले के लिए नगर निगम प्रशासन तैयारी में जुटा है। 16 जुलाई से शुरु हाे रहे तीन दिवसीय रथयात्रा मेले को पूरी तरह से प्रतिबंधित प्लास्टिक मुक्त (पॉलीथिन मुक्त) रखने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए निगम प्रशासन मेले में दुकान, ठेला-गुमटी लगाने वाले व्यापारियों से पहले ही शपथ पत्र भरवाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में महापौर ने रथयात्रा मार्ग को तत्काल दुरुस्त कराने काअधिकारियों को निर्देश दिया। जिससे मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। महापौर ने जलकल विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि मेला क्षेत्र और उसके आसपास के रास्तों पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही सड़कों को तत्काल गड्ढा मुक्त करने का भी निर्देश दिया गया, जिससे यातायात सुचारू रूप से चल सके। बैठक में निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद्र, जलकल के महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह सहित नगर निगम के अभियंत्रण, स्वास्थ्य, सफाई और जलकल विभाग के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story