न्यायालय का कार्य परिवारों को जोड़ना, तोड़ना नहीं : संजीव शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
न्यायालय का कार्य परिवारों को जोड़ना, तोड़ना नहीं : संजीव शुक्ला


—वाराणसी में राष्ट्रीय लोक अदालत में 5.58 लाख से अधिक वादों का निस्तारण, करीब 19.85 करोड़ रुपये की वसूली

वाराणसी, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में वर्ष 2026 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ शनिवार को जनपद न्यायाधीश संजीव शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने लोक अदालत को त्वरित और सुलभ न्याय का प्रभावी माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में जनपद न्यायाधीश ने एमवी एक्ट के चालान पेमेंट सेतु ऐप के माध्यम से जमा करने तथा न्यायालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर स्थापित हेल्प डेस्क की सहायता लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोक अदालत ऐसा प्रभावी मंच बनकर उभरा है, जिसके माध्यम से बिना अधिक समय गंवाए गंभीर से गंभीर मामलों का भी आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जा सकता है।

पारिवारिक विवादों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए न्यायमूर्ति संजीव शुक्ला ने कहा कि परिवार समाज की मूल इकाई है। ऐसे में पारिवारिक विवादों के समाधान और सामाजिक समरसता बनाए रखने में न्यायालय की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “न्यायालय का कार्य वास्तव में परिवारों को जोड़ना है, न कि तोड़ना।”

राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान जनपद न्यायालय, वाराणसी से कुल 31,348 वादों का निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल 8,34,24,789.44 रुपये की धनराशि की वसूली हुई। वहीं, प्रशासन एवं अन्य विभागों द्वारा 5,27,293 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें 11,50,36,210 रुपये की धनराशि की वसूली के लिए समझौता हुआ।

इस प्रकार न्यायालय और प्रशासन के विभिन्न विभागों को मिलाकर कुल 5,58,641 वादों का निस्तारण किया गया तथा कुल 19,84,60,999.44 रुपये की धनराशि की वसूली हुई।

लोक अदालत के दौरान परिवार न्यायालय ने वैवाहिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कर आठ दंपतियों को फिर से साथ रहने के लिए न्यायालय परिसर से विदा किया। यह पहल लोक अदालत की उस भावना को भी रेखांकित करती है, जिसमें विवादों के समाधान के साथ परिवारों को बचाने और सामाजिक समरसता कायम रखने पर जोर दिया जाता है।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय अहमद हुसैन अंसारी, पीठासीन अधिकारी मोटर दावा एवं दावा अधिकरण रामकेश, बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम, अपर जिला जज एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी (न्यायिक) आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (प्रशासनिक) अजीत कुमार, यूनियन बैंक के एलडीएम अविनाश अग्रवाल तथा पूर्णकालिक सचिव राजीव मुकुल पांडेय सहित अन्य अधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story