रंगभरी एकादशी: बाबा विश्वनाथ, माता गौरा और प्रथमेश का विशेष पूजन
—प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बाबा के पंचबदन प्रतिमा का किया दर्शन,महंत परिवार से लिया आशीर्वाद
वाराणसी, 27 फरवरी (हि.स.)। रंगभरी एकादशी पर काशी नगरी अपने आराध्य श्री काशी विश्वनाथ की भक्ति और गौना उत्सव के रंग में रंग गई है। गौना उत्सव में शामिल होने के लिए लोग सपरिवार सड़कों पर उतर आए है। टेढ़ीनीम स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत स्व.डॉ कुलपति तिवारी के आवास 'गौरी सदनिका' से लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम तक लोग शिवपरिवार के रजत विग्रह वाली पालकी यात्रा के दर्शन के लिए लालायित है।
इसके पहले महंत आवास पर शुक्रवार को ब्रह्ममुहूर्त में बाबा विश्वनाथ, माता गौरा और प्रथमेश का विशेष पूजन आचार्य सुशील त्रिपाठी के आचार्यत्व में संपन्न हुआ। सुबह 7:00 बजे भोग-श्रृंगार के बाद 9:00 बजे से श्रद्धालुओं के लिए आवास का दरवाजा खोल दिश गया। दोपहर 12:30 बजे भोग आरती संपन्न होने के बाद सायंकाल बाबा विश्वनाथ की पालकी मंदिर के लिए प्रस्थान कर गई। मार्ग में श्रद्धालु अबीर-गुलाल और पुष्पवर्षा से बाबा और गौरा का स्वागत करने में जुटे रहे। मंहत वाचस्पति तिवारी के अनुसार टेढ़ीनीम महंत आवास में देर शाम ‘शिवांजलि’ कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है। कलाकार पुनित पागल के संयोजन में लोक एवं सुगम संगीत की प्रस्तुतियां होंगी।
— रंगभरी एकादशी पर बीएचयू के श्री विश्वनाथ मंदिर में पुष्प गुलाल से सर्मचन
रंगभरी एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का पुष्प गुलाल से सर्मचन किया गया। मंदिर के मानित व्यवस्थापक प्रो. ब्रज भूषण ओझा के अगुवाई में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य व आमजन रंगभरी एकादशी महोत्सव में शामिल हुए।
—कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे महंत आवास
रंगभरी एकादशी पर प्रतिवर्ष की भांति कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय टेढ़ी नीम स्थित महंत आवास पहुंचे और भगवान शिव–माता पार्वती का विधिवत दर्शन-पूजन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने बाबा विश्वनाथ और माता गौरा से काशी की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वजन कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि काशी की धार्मिक परंपराएं केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि यहां की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक हैं। रंगभरी एकादशी काशी की जीवंत आध्यात्मिक परंपरा को दर्शाती है, जहां भक्त और भगवान के बीच प्रेम और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
दर्शन पूजन के दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे,मनीष मोरोलिया,मनोज वर्मा, आशिष गुप्ता,विनय जायसवाल, विनीत चौबे आदि भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

