चैत्र रामनवमी पर मुस्लिम महिलाओं ने भगवान राम की आरती उतारी,ढाेलक की थाप पर सोहर गाया

WhatsApp Channel Join Now
चैत्र रामनवमी पर मुस्लिम महिलाओं ने भगवान राम की आरती उतारी,ढाेलक की थाप पर सोहर गाया


वाराणसी, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) में वासंतिक चैत्र नवरात्र के नवमी तिथि रामनवमी पर शुक्रवार को लमही स्थित सुभाष भवन में मुस्लिम महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भगवान राम के मूर्ति की आरती उतारी । उर्दू में लिखी राम आरती को मुस्लिम महिलाओं ने गाया। भगवान राम के जन्म पर पाम्परिक सोहर गाए और जय सियाराम का उद्घोष भी किया। महिलाओं ने भगवान राम के तस्वीर की आरती उतारने के पूर्व रंगोली भी बनाई थी। मुस्लिम महिला फाउंडेशन और विशाल भारत संस्थान के संयुक्त पहल पर प्रतिवर्ष की भांति आयोजित इस कार्यक्रम में समाज में भाईचारे और एकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी ने कहा कि आज मुस्लिम देश युद्ध, हिंसा और नफरत से जंग लड़ रहे, एक दूसरे को मार रहे है। एक दूसरे को मिटाने पर आमादा है। अगर मुस्लिम देश भगवान राम के रास्ते पर चले तो उनके देश में शांति आएगी और युद्ध रुक जाएगा। भारत की महान संस्कृति ही एक मात्र रास्ता है शांति और प्रेम का। वह भगवान राम के आदर्शों पर चलकर ही सम्भव है। डॉ. नजमा परवीन ने कहा कि हमारा काम समाज को जोड़ना है, धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वाले भारत का भला नहीं चाहते। विदेशियों के इशारे पर काम करने वाले लोग केवल मुसलमानों को डराकर भारत की संस्कृति और देशभक्ति से दूर करते हैं। अन्य मुस्लिम महिलाओं ने कहा कि हाथों में सजावटी थाल, होठों पर रामनाम का मंत्र और आंखों में भक्ति की चमक उन कट्टरपंथियों को चेतावनी है जो नफरत का जहर घोल कर आपस में हिंसा कराते हैं। आरती और सोहर गाने में रेहाना, सुल्ताना बेगम, शमा परवीन, मुस्कान, रुकसाना बीबी, सबीना, रिजवाना, डॉ. अर्चना भारतवंशी, डॉ. मृदुला, इली, खुशी आदि शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story