श्रीराम के चरण चिह्नों से जुड़े 295 पावन स्थलों से गुजरेगी ‘राम पथ यात्रा’

WhatsApp Channel Join Now
श्रीराम के चरण चिह्नों से जुड़े 295 पावन स्थलों से गुजरेगी ‘राम पथ यात्रा’


——काशी से शुरू होकर रामेश्वरम् होते हुए अयोध्या में होगा समापन, 45 दिनों तक होंगे पादुका पूजन और राम कीर्तन के आयोजन

वाराणसी, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी से संपूर्ण भारत को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के उद्देश्य से ‘राम पथ यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। ‘काशी अनुष्ठानम्’ एवं ‘संस्कृतामृतम् चैरिटेबल ट्रस्ट’ की ओर से आयोजित यह 45 दिवसीय यात्रा काशी से प्रारंभ होकर रामेश्वरम् पहुंचेगी और वहां से लौटकर अयोध्या में संपन्न होगी। यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम के वनवास एवं यात्रा काल से जुड़े 295 प्रमुख पावन स्थलों पर चरण पादुका स्थापित कर विधिवत पूजन, भव्य राम कीर्तन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।

यात्रा के शुभारंभ से पूर्व बुधवार को कचहरी स्थित शास्त्रीघाट पर वरूणानदी के किनारे दोनों संस्थानों के पदाधिकारियों ने गणेश पूजन एवं हवन किया। इसके बाद अभिमंत्रित हनुमान ध्वजा का विधिवत पूजन किया गया। मुख्य ट्रस्टी भुनाथा रघुराम शर्मा ने बताया कि भुशुंडी रामायण में वर्णित भगवान श्रीराम के वनवास एवं यात्रा मार्ग से जुड़े 295 प्रमुख स्थलों को इस यात्रा में शामिल किया गया है। इन सभी स्थानों पर भगवान श्रीराम की चरण पादुकाओं की स्थापना कर विशेष पूजन और राम नाम संकीर्तन के आयोजन होंगे।

उन्होंने भगवान श्रीराम की चरण पादुकाओं के आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि वनवास के दौरान भगवान श्रीराम ने अपनी चरण पादुकाएं भरत को सौंपी थीं। भरत ने उन्हें अयोध्या के सिंहासन पर स्थापित कर श्रीराम के प्रतिनिधि के रूप में राज्य का संचालन किया था। उन्होंने भुशुंडी रामायण के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए पादुकाओं को भगवान श्रीराम की उपस्थिति और अयोध्या की चेतना का प्रतीक बताया। उनके अनुसार, जहां भी इन पावन पादुकाओं की स्थापना होती है, वहां अयोध्या की आध्यात्मिक चेतना का अनुभव किया जा सकता है। शर्मा ने बताया कि यात्रा के प्रमुख पड़ावों में अयोध्या, चित्रकूट, दंडकारण्य, अमरकंटक, नासिक, किष्किंधा और रामेश्वरम् शामिल हैं। यह यात्रा देश के 10 राज्यों के 71 जिलों से होकर गुजरेगी। इसके माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और रामायण से जुड़े पावन स्थलों को एक आध्यात्मिक सूत्र में पिरोने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story