राम मंदिर दान प्रकरण: सार्वजनिक आरोप लगाने वालों से साक्ष्य लेने की मांग, भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने एसआईटी को भेजा प्रार्थना-पत्र
वाराणसी, 12 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर रविवार को भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ, काशी क्षेत्र के संयोजक एवं अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) को एक विस्तृत प्रार्थना-पत्र भेजकर निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्याधारित जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रार्थना-पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव (गृह), जिलाधिकारी अयोध्या तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या को भी प्रेषित की गई है।
प्रार्थना-पत्र में अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने कहा है कि इस प्रकरण को लेकर कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय नेताओं, सामाजिक और धार्मिक हस्तियों सहित विभिन्न सार्वजनिक व्यक्तियों ने मीडिया, प्रेस वार्ताओं तथा सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने एसआईटी से अनुरोध किया है कि संबंधित व्यक्तियों से उनके पास उपलब्ध दस्तावेज, ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य तथा अन्य प्रमाण जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत कराने की प्रक्रिया अपनाई जाए, ताकि आरोपों की तथ्यात्मक जांच की जा सके।
प्रार्थना-पत्र में विशेष रूप से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों से भी जांच में सहयोग लेकर उनके द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले साक्ष्यों का परीक्षण कराने की मांग की गई है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

