प्रदेश सरकार की 09 साल की उपलब्धियों को राज्यमंत्री रविंद्र ने गिनाया बोले -काशी ने नाै साल में अभूतपूर्व विकास देखा

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश सरकार की 09 साल की उपलब्धियों को राज्यमंत्री रविंद्र ने गिनाया बोले -काशी ने नाै साल में अभूतपूर्व विकास देखा


वाराणसी, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने बुधवार को काशी में योगी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी एवं कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी ने बीते नौ वर्षों में अभूतपूर्व विकास देखा है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में लगभग 35,156 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, सेतु, पेयजल, सीवरेज समेत बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी 486 परियोजनाएं पूरी कर जनता को समर्पित की गई हैं। जनपद में 22,829 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 127 सड़क एवं सेतु परियोजनाएं पूर्ण हुई हैं, जबकि 5,813 करोड़ रुपये की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। रेलवे, एयरपोर्ट और जलमार्ग से जुड़ी 1,529 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं तथा 4,934 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

स्मार्ट सिटी योजना के तहत 877.65 करोड़ रुपये की लागत से 34 परियोजनाएं पूरी की गई हैं। इनमें इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, 720 स्थानों पर सर्विलांस कैमरे, सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, टाउन हॉल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और गोदौलिया में मल्टीलेवल पार्किंग शामिल हैं। पेयजल व सीवरेज के क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की 60 परियोजनाएं पूर्ण हुई हैं, जबकि 2100 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। शिक्षा क्षेत्र में 512 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाएं पूरी की गई हैं तथा 544 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र में 1870.36 करोड़ रुपये की 43 परियोजनाएं पूरी हुई हैं, जिनमें कैंसर संस्थान, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और मातृत्व विंग प्रमुख हैं। इसके अलावा 914 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।

पर्यटन विकास के अंतर्गत 721 करोड़ रुपये की 30 परियोजनाएं पूरी हुई हैं। इनमें श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, नमो घाट, सारनाथ पुनर्विकास और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का विकास प्रमुख है। वहीं 834 करोड़ रुपये की परियोजनाएं अभी निर्माणाधीन हैं।

राज्यमंत्री ने बताया कि जनपद में विद्युत सुधार, खेल, पुलिस वेलफेयर और परिवहन के क्षेत्र में भी व्यापक कार्य हुए हैं। गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने की योजना है। साथ ही ट्रैफिक समस्या के समाधान हेतु ट्रांसपोर्ट नगर योजना पर काम चल रहा है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाखों लोगों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई है।

राज्यमंत्री ने कहा कि इन सभी प्रयासों का परिणाम है कि वर्ष 2017 में वाराणसी का जीडीपी 22,586.91 करोड़ रुपये से बढ़कर अब 51,036 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1,03,354 रुपये हो गई है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story