राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा था : राजेश्वर पटेल
—कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई,दी गई श्रद्धांजलि
वाराणसी, 20 अगस्त (हि.स.)। देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती गुरूवार को वाराणसी में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सद्भावना दिवस के रूप में मनाई। वाराणसी महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में मैदागिन चौराहे पर जुटे कार्यकर्ताओं ने यहां स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को यादकर पार्टी के नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन, उनके विचार और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देश भूल नहीं पाएगा। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, संचार तथा पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। राजीव गांधी ने युवाओं को देश की शक्ति मानते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया था। जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने कहा कि राजीव गांधी का मानना था कि भारत की एकता और अखंडता की सबसे बड़ी ताकत आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और सद्भाव है। राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के दूरदर्शी नेता थे।
उन्होंने कहा कि आज देश में सूचना एवं संचार क्रांति, कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक के जिस व्यापक प्रभाव को हम देखते हैं, उसकी मजबूत नींव राजीव गांधी के कार्यकाल में रखी गई थी। उन्होंने युवाओं को लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में अधिक से अधिक भागीदारी का अवसर देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी के अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि राजीव गांधी का पूरा जीवन भारत को आधुनिक, आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी जी ने युवाओं को नई ऊर्जा और नई दिशा देने के साथ ही देश में तकनीकी एवं वैज्ञानिक विकास को बढ़ावा दिया। पंचायती राज संस्थाओं को मजबूती देने तथा लोकतंत्र को गांवों तक पहुंचाने की दिशा में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। प्रत्येक वर्ष राजीव गांधी की जयंती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाने का संदेश आज के समय में और भी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने, देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा करने तथा समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में फ़साहत हुसैन बाबू, सतनाम सिंह,गुलशन अली, सैय्यद हसन अंसारी, संतोष चौरसिया, प्रमोद वर्मा,नरसिंह दास, अरविन्द कुमार, रामकेश यादव, विजय देवल, अनिल चौधरी, शशी सोनकर आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

