मंडल रेल प्रबंधक ने आईआरसीटीसी के बेस किचन में पंहुच कर भोजन की प्रक्रिया को परखा

WhatsApp Channel Join Now
मंडल रेल प्रबंधक ने आईआरसीटीसी के बेस किचन में पंहुच कर भोजन की प्रक्रिया को परखा


— अमृत भारत एक्सप्रेस की पैंट्री कार का लिया जायजा

वाराणसी, 23 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने रविवार को सिगरा स्थित आईआरसीटीसी बेस किचन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं।

बेस किचन का संचालन अम्बुज होटल एंड रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने खाद्य सामग्री के भंडारण एवं रख-रखाव, भोजन तैयार करने, पैकेजिंग, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे पानी की गुणवत्ता की भी जानकारी ली।

डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भोजन तैयार करने से लेकर उसकी पैकिंग तक प्रत्येक चरण में निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने, जल भंडारण टैंकों एवं पाइपलाइनों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित करने तथा भोजन एवं पेयजल के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ पानी का ही उपयोग करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पीएलएम मशीन, डो नीडिंग मशीन और एग्जॉस्ट मशीन खराब मिलीं। इस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को मशीनों की खराबी तत्काल दूर कर उन्हें कार्यशील बनाने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीआरएम ने बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 07 पर खड़ी गाड़ी संख्या 22589 बनारस–हडपसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस की पैंट्री कार का निरीक्षण किया। उन्होंने पैंट्री कार में साफ-सफाई एवं स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। अकार्यशील मशीनों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने पैंट्री मैनेजर को रेलवे द्वारा अनुमोदित ब्रांड की गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री निर्धारित दरों पर ही यात्रियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने इसके बाद बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 08 पर आरती एंटरप्राइजेज द्वारा संचालित भोजनालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने किचन में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सामग्री को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से रखने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं पेयजल उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। इसके लिए खान-पान से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story