पुण्यतिथि पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी याद किए गए, कांग्रेसियाें ने योगदान को स्मरण किया

WhatsApp Channel Join Now
पुण्यतिथि पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी याद किए गए, कांग्रेसियाें ने योगदान को स्मरण किया


—जिला कांग्रेस एवं महानगर कमेटी ने मैदागिन राजीव चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धासुमन किया अर्पित

वाराणसी, 21 मई (हि.स.)। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। पार्टी की जिला एवं महानगर इकाई ने मैदागिन स्थित राजीव गांधी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर पूर्व प्रधानमंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को नमन किया। कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कर उनके योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल तथा संयोजन महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने किया।

महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शहर के सभी 100 वार्डों में “राजीव गांधी नमन पदयात्रा” निकाली गई। पदयात्रा का शुभारंभ मध्यमेश्वर वार्ड से हुआ, जहां वरिष्ठ कार्यकर्ता अनिल पटेल को राजीव गांधी का छायाचित्र भेंट कर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल एवं दक्षिण विधानसभा प्रभारी राजेश गुप्ता ने यात्रा को रवाना किया। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई पराड़कर भवन पहुंची, जहां महान पत्रकार स्व. बाबूराव विष्णु पराड़कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर इसका समापन हुआ। महानगर के विभिन्न वार्डों में भी वार्ड अध्यक्षों, प्रभारियों, महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं पार्षद प्रत्याशियों ने पदयात्राएं निकालकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल एवं महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के प्रमुख शिल्पकारों में रहे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की सोच प्रदान की तथा सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार और कंप्यूटर क्रांति की मजबूत नींव रखी। उनके नेतृत्व में युवाओं को राजनीति और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर मिला तथा पंचायतों एवं स्थानीय निकायों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।

नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में दूरदर्शी नीतियों के माध्यम से देश को नई दिशा दी। वे सदैव देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द के पक्षधर रहे। आज भी उनके विचार युवाओं, किसानों, मजदूरों, गरीबों और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। राजीव गांधी ने युवाओं को राजनीति और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी देने का कार्य किया। पंचायतों एवं स्थानीय निकायों को मजबूत बनाने की दिशा में उनके प्रयासों ने लोकतंत्र को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में दूरदर्शी नीतियां बनाकर भारत को नई दिशा दी।

कार्यक्रम में फसाहत हुसैन बाबू, गुलशन अली, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, प्रवीण प्रकाश, सैयद हसन, सुनील श्रीवास्तव, विनोद सिंह, वकील अंसारी, राज खां, राजू राम, संतोष मौर्य, संतोष चौरसिया, असलम खां, अब्दुल हमीद, प्रमोद वर्मा, मनोज वर्मा, आकाश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story