एलन मस्क के बयानों के खिलाफ स्वदेशी जागरण मंच की आक्रोश रैली, स्टारलिंक को मंजूरी न देने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
एलन मस्क के बयानों के खिलाफ स्वदेशी जागरण मंच की आक्रोश रैली, स्टारलिंक को मंजूरी न देने की मांग


वाराणसी, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्वदेशी जागरण मंच ने गुरुवार शाम काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सिंहद्वार पर एलन मस्क के बयानों के विरोध में आक्रोश रैली निकाली। कार्यकर्ताओं ने मस्क के बयानों की कड़ी निंदा करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोपरि बताया और स्टारलिंक को भारत में सेवा शुरू करने की मंजूरी न देने की मांग की।

रैली में वक्ताओं ने कहा कि एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक ने भारत में सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवा शुरू करने के लिए लाइसेंस आवेदन किया है, जो अभी लंबित है। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों और सरकार की ओर से मांगी गई जानकारी पर संतोषजनक जवाब देने के बजाय मस्क की ओर से भारतीय व्यापार और सरकार पर परोक्ष आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। वक्ताओं ने आशंका जताई कि कंपनी नियामकीय शर्तों को पूरा किए बिना लाइसेंस हासिल करने के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्टारलिंक की सैटेलाइट तकनीक, विशेषकर लेजर आधारित अंतरिक्ष संचार प्रणाली, भारत की सुरक्षा और नियामकीय व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती है। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि संवेदनशील परिस्थितियों में डेटा भारतीय गेटवे को दरकिनार न करे और आवश्यकता पड़ने पर सेवा को निर्धारित क्षेत्रों में नियंत्रित किया जा सके। वक्ताओं के अनुसार, स्टारलिंक की ओर से इन शर्तों को पूरा करने की स्पष्ट प्रतिबद्धता सामने नहीं आई है।

मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि आतंकवाद, अलगाववाद, दंगे और कानून-व्यवस्था से जुड़ी आपात स्थितियों में इंटरनेट सेवाओं पर नियंत्रण राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से जरूरी हो सकता है। इसलिए किसी भी विदेशी तकनीक को अनुमति देने से पहले सुरक्षा संबंधी सभी शर्तों का पालन अनिवार्य होना चाहिए।

उन्होंने 5जी तकनीक के दौरान चीनी कंपनियों हुआवेई और जेडटीई को लेकर उठाई गई सुरक्षा चिंताओं का भी उल्लेख किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच के विरोध के बाद इन कंपनियों को परीक्षण की अनुमति नहीं मिली और भारतीय वैज्ञानिकों व कंपनियों ने स्वदेशी तकनीक विकसित करने की दिशा में उल्लेखनीय काम किया। आज देश में स्वदेशी 4जी तकनीक के साथ 5जी के क्षेत्र में भी प्रगति हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत अंतरिक्ष तकनीक में भी तेजी से वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

रैली का नेतृत्व स्वदेशी जागरण मंच की वाराणसी महानगर संयोजिका कविता मालवीय ने किया। इसमें संत जी महाराज, प्रेमशीला चतुर्वेदी, किरण पांडेय, जिला पूर्णकालिक प्रेम सिंह, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आदित्य राज, केतन जी, प्रतिभा, अतुल सहित व्यापार मंडल के प्रतिनिधि और अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story