कज्जाकपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नवनिर्मित प्रसव कक्ष का हुआ लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
कज्जाकपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नवनिर्मित प्रसव कक्ष का हुआ लोकार्पण


केन्द्र को समर्पित कर बोले विधायक नीलकंठ, अब यह अस्पताल जच्चा-बच्चा केंद्र के रूप में भी करेगा कार्य

वाराणसी, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के कज्जाकपुरा स्थित आईडीएच कॉलोनी में बने कज्जाकपुरा कोनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नवनिर्मित वातानुकूलित प्रसव कक्ष का लोकार्पण गुरुवार को पूर्व मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया।

इस अवसर पर मौजूद क्षेत्रीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नीलकंठ तिवारी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान हुई जनहानि और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए उन्होंने कज्जाकपुरा-कोनियां क्षेत्र में अस्पताल स्थापित करने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि मात्र चार महीने के भीतर अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा कराकर इसे जनता के लिए समर्पित किया गया। जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुचारु रूप से संचालित होने लगा तो क्षेत्रीय लोगों की ओर से यहां वातानुकूलित प्रसव कक्ष की मांग उठी। जनता की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कोनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को जच्चा-बच्चा केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। विधायक ने कहा कि अब यह स्वास्थ्य केंद्र माताओं और नवजात शिशुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विधायक का स्वागत किया और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर खुशी जताई।

कार्यक्रम में जितेंद्रनाथ पांडेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, नलिन नयन मिश्र, पार्षद विजय सोनकर, पार्षद रोहित जायसवाल, पार्षद मनोज यादव, पार्षद लकी भारद्वाज, पार्षद कनकलता मिश्रा, विकास उपाध्याय, दीपक कुशवाहा, अशोक तिवारी, सन्नी रस्तोगी, संजू चौरसिया, अवनीश कुशवाहा और अनुराग त्रिवेदी आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story