राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी आरक्षी श्रेय को आउट आफ टर्न प्रमोशन, सीपी ने खुद कंधे पर लगाया थ्री स्टार

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी आरक्षी श्रेय को आउट आफ टर्न प्रमोशन, सीपी ने खुद कंधे पर लगाया थ्री स्टार


—श्रेय राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी,अखिल भारतीय पुलिस आर्चरी चैंपियनशिप में किया शानदार प्रदर्शन

वाराणसी, 17 मार्च (हि.स.)। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने मंगलवार शाम राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी आरक्षी श्रेय भारद्वाज को निरीक्षक पद पर प्रमोशन के बाद खुद उनके कंधे पर स्टार लगाकर बधाई दी। आरक्षी श्रेय भारद्वाज ने बीते 23 से 27 फरवरी के बीच भिलाई, छत्तीसगढ़ में आयोजित 14वीं अखिल भारतीय पुलिस आर्चरी चैंपियनशिप में स्वर्णिम सफलता पाई थी। प्रतियोगिता में श्रेय ने 02 स्वर्ण पदक,04 रजत पदक,01 कांस्य पदक प्राप्त किया था। इतना ही नहीं अपने शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने “बेस्ट प्लेयर” का खिताब भी अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने अपना ही पूर्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए 360 में 357 का नया रिकॉर्ड स्कोर स्थापित किया, जो उनकी असाधारण क्षमता को दर्शाता है। पुलिस कमिश्नर ने इस अवसर पर खिलाड़ी श्रेय को बधाई देते हुए कहा कि आपकी यह उपलब्धि पूरे पुलिस बल के लिए गर्व का विषय है। आपने खेल एवं सेवा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता का परिचय दिया है। भविष्य में भी आप इसी समर्पण के साथ विभाग का नाम रोशन करते रहें।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन एवं खेल उपलब्धियों के आधार पर, शासन एवं पुलिस मुख्यालय के आदेशों के क्रम में आरक्षी (कुशल खिलाड़ी) श्रेय भारद्वाज को निरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर बिना पारी (आउट आफ टर्न) पदोन्नति प्रदान की गई है। उनकी पदोन्नति “कुशल खिलाड़ी” श्रेणी के अंतर्गत नियमावली के अनुसार प्रदान की गई है। पदोन्नत अधिकारी अपने वर्तमान नियुक्ति स्थल पर ही कार्यभार ग्रहण करेंगे। पदोन्नति उपरांत निर्धारित प्रशिक्षण पूर्ण करना अनिवार्य होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story