वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने मीरापुर बसही मलिन बस्ती में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
बारिश के दौर में जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर देख नाराज हुए, संबंधित कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश
वाराणसी, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। प्रभारी मंत्री ने शहर के वार्ड संख्या 16 सरसौली के अंतर्गत आने वाली मीरापुर बसही मलिन बस्ती का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में व्याप्त गंदगी, खराब सीवर, जलनिकासी की समस्या तथा क्षतिग्रस्त गलियों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई।
प्रभारी मंत्री ने मीरापुर बसही मलिन बस्ती में स्वास्थ्य मेडिकल एजेंसी के सामने सीवर खराब पाया। सीवर का गंदा पानी पास के खाली भूखंड में जा रहा था और वहां कूड़ा भी जमा था। क्षेत्र की कुछ गलियां भी क्षतिग्रस्त पाई गईं। उन्हाेंने नगर निगम के अधिकारियों को खराब सीवर एवं जलनिकासी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने, भूखंड से कूड़ा हटवाने तथा क्षतिग्रस्त गलियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
मीरापुर बसही मलिन बस्ती जाते समय प्रभारी मंत्री ने मार्ग में सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। टकटकपुर मुख्य मार्ग पर एक जलपान की दुकान के सामने बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा मिला। इसी प्रकार अनौला में अमर पुष्प कुंज के सामने, अनौला-मीरापुर बसही मुख्य मार्ग तथा मीरापुर बसही रोड स्थित श्यामपुर कॉलोनी के ब्लॉक-बी के सामने मुख्य मार्ग पर भी कूड़ा जमा पाया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर कूड़ा और गंदगी मिलने पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही के लिए जिम्मेदार संबंधित कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश देते हुए सभी चिह्नित स्थानों से तत्काल कूड़ा हटवाकर समुचित सफाई सुनिश्चित कराने को कहा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्रों का भ्रमण करें और सफाई कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें। मलिन बस्तियों, मुख्य मार्गों, गलियों एवं खाली भूखंडों पर कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए। सफाई, सीवर एवं जलनिकासी से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम की जिम्मेदारी है। जनस्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में शिथिलता या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

