वाराणसी में पौधरोपण अभियान की धूम, आम से खास लोगों ने उत्साह से की भागीदारी
—महापौर और नगर आयुक्त के अगुवाई में नगर निगम ने पर्यावरण यज्ञ में रोपे 1,17,200 पौधे, सभी पौधों का जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश
वाराणसी, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस महा-अभियान के तहत राज्य में कुल 35 करोड़ पौधे रोपने का एक विशाल लक्ष्य तय किया गया है। रविवार को इस महाअभियान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में नगर निगम ने शहर में 1.17 लाख से अधिक पौधे रोपने के आधिकारिक लक्ष्य के पहले दिन विभिन्न वार्डों और प्रमुख स्थलों पर 1,17,200 पौधे रोपकर हरियाली की मजबूत नींव रखी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से 'एक पेड़ मां के नाम' मुहिम को गति देने के लिए सबसे पहले महापौर अशोक कुमार तिवारी ने मंड़ुवाडीह स्थित गणेश पोखरा पर पौधरोपण अभियान का आगाज किया। इस दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ऋषि मांडवी तालाब तथा सारंग तालाब पर व सभी पार्षदों ने अपने अपने वार्डों में पीपल, बरगद, पाकुड़, गूलर, नीम, शीशम, जामुन, महुआ, आम, महोगनी, अर्जुन, चिलबिल, गुलमोहर, जकरंडा, कचनार, अमलतास सहित 101 प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। अभियान में प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिण के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय तथा महिला चिकित्सालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में ‘‘एक पेड़ मॉ के नाम‘‘ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजीव शुक्ला ने पौधा रोप वृक्षारोपण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। महाभियान के तहत राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल तथा विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पर्यावरण संरक्षकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग द्वारा सेंट्रल जेल रोड के पीछे स्थित निर्धारित स्थल पर लगभग 5000 पौधों का रोपण किया गया। महाभियान पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अपने सरकारी आवास परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उनकी बेटी मैत्रेयी व मैथिली ने भी पूरे उत्साह और समर्पण के साथ पौधारोपण अभियान में सहभागिता निभाई तथा स्वयं अपने हाथों से पौधे लगाए। वहींं पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में कमिश्नरेट वाराणसी में “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ किया गया । इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने अपने कैम्प कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल हेतु पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। वाराणसी जिले के नोडल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने पूरे महाअभियान की निगरानी भी किया। राज्यमंत्री के अनुसार, वन विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर पौधों का वितरण भी किया। महाअभियान में वार्डों में पार्षदों को भी जिम्मेदारी दी गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

