वाराणसी में 64 करोड़ की लागत से बनेगा नया पुलिस मुख्यालय, राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया भूमि पूजन

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में 64 करोड़ की लागत से बनेगा नया पुलिस मुख्यालय, राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया भूमि पूजन


—नए पुलिस मुख्यालय भवन के 10 फ्लोर में एक छत के नीचे होगी प्रशासनिक व्यवस्था

वाराणसी, 27 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में गुरुवार शाम करीब 64 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन पुलिस मुख्यालय भवन का भूमि पूजन किया गया। प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने वैदिक विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। करीब 1.35 लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में बनने वाला यह 10 मंजिला अत्याधुनिक भवन आधुनिक, भव्य और कार्यकुशल प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।

—एक छत के नीचे होगा पूरा पुलिस प्रशासन

राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि नए पुलिस मुख्यालय भवन के निर्माण से पुलिस विभाग को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। अधिकारियों और कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भवन में आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि परिसर में राजपत्रित अधिकारियों के लिए आवासीय भवन की सुविधा भी प्रस्तावित है। इससे अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण के साथ आवासीय सुविधा भी मिल सकेगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

—जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की उम्मीद

वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि नए भवन में पूरा पुलिस प्रशासन एक ही छत के नीचे संचालित होगा। इससे जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, बेहतर मॉनीटरिंग और निर्णय लेने की प्रक्रिया में तेजी आएगी। कमिश्नरेट के सभी प्रमुख पुलिस अधिकारी एक ही भवन में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। इससे आमजन की समस्याओं के समाधान में होने वाली अनावश्यक देरी भी कम होगी और कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव आएगा।

—बेसमेंट में 37 कारों की पार्किंग

प्रस्तावित पुलिस प्रशासनिक भवन में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और प्रथम से अष्टम तल तक विभिन्न कार्यालयों एवं सुविधाओं की समेकित व्यवस्था होगी। बेसमेंट में करीब 37 कारों की पार्किंग के साथ आवश्यक सेवा सुविधाएं भी उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।

—एडीजी और आईजी रेंज के कार्यालय भी होंगे

नवीन भवन में एडीजी जोन और आईजी रेंज के कार्यालय भी संचालित होंगे। इससे वरिष्ठ अधिकारियों और वाराणसी कमिश्नरेट के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है। साथ ही प्रशासनिक कार्यों और पुलिस व्यवस्था की मॉनीटरिंग अधिक प्रभावी एवं त्वरित हो सकेगी।

—अष्टम तल पर 150 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम

भवन के अष्टम तल पर करीब 150 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम प्रस्तावित है। इसके अलावा प्रशिक्षण और विभागीय कार्यक्रमों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण तथा विभागीय बैठकों के आयोजन में सुविधा होगी।

—आधुनिक भवन से बदलेगी कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली

नवीन पुलिस मुख्यालय को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की योजना है। अधिकारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण, समेकित प्रशासनिक व्यवस्था और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के कारण यह परियोजना वाराणसी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भूमि पूजन कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story