वाराणसी: पुलिस लाइन में 491 महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड रविवार को, तैयारी पूरी

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: पुलिस लाइन में 491 महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड रविवार को, तैयारी पूरी


— 18 महिला आरक्षियों को समारोह में दिया जाएगा सम्मान, परेड के लिए 18 टोलियों का गठन

वाराणसी, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में रिजर्व पुलिस लाइन, वाराणसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड रविवार सुबह 8:30 बजे आयोजित की जाएगी। समारोह की सभी तैयारियां शनिवार शाम तक पूर्ण कर ली गई हैं।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस परेड के उपरांत सभी प्रशिक्षु महिला आरक्षियों को विभिन्न थानों में तैनात किया जाएगा। ये आरक्षी महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण तथा आमजन की सेवा एवं सहायता में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और दक्षता के आधार पर प्रथम परेड कमांडर रेनू, द्वितीय रोशनी गुप्ता और तृतीय रोशनी देवी सहित कुल 18 महिला आरक्षियों को समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

वर्तमान में रिजर्व पुलिस लाइन में 491 महिला प्रशिक्षु आरक्षियों ने अपना आधारभूत प्रशिक्षण पूर्ण किया है। पासिंग आउट परेड के लिए 18 टोलियों का गठन किया गया है, जिनमें सभी प्रशिक्षु आरक्षी भाग लेंगी। प्रत्येक टोली को उच्च स्तर के प्रशिक्षण, समन्वय और अनुशासन के साथ तैयार किया गया है।

समारोह को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करेंगे। पुलिस आयुक्त ने विश्वास जताया कि ये प्रशिक्षु महिला आरक्षी भविष्य में पुलिस विभाग की सशक्त पहचान बनकर समाज में सुरक्षा, विश्वास और सेवा का वातावरण मजबूत करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story