पुलिस झंडा दिवस पर डीआईजी वैभव कृष्ण ने फहराया पुलिस ध्वज, जवानों को लगाया कलर बैज

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस झंडा दिवस पर डीआईजी वैभव कृष्ण ने फहराया पुलिस ध्वज, जवानों को लगाया कलर बैज


पुलिस झंडा दिवस पर डीआईजी वैभव कृष्ण ने फहराया पुलिस ध्वज, जवानों को लगाया कलर बैज


वाराणसी, 23 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के पुलिस कमिश्नरेट में सोमवार को पुलिस झंडा दिवस पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वाराणसी परिक्षेत्र के उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) वैभव कृष्ण ने परिक्षेत्रीय कार्यालय में पुलिस ध्वज फहराया और पुलिसकर्मियों को कलर बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण का शुभकामना संदेश भी पढ़कर सुनाया।

डीजीपी के संदेश में पुलिस झंडा दिवस के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर प्रदान किया था। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बना, जिसे पुलिस ध्वज प्राप्त करने का गौरव हासिल हुआ।

संदेश में उत्तर प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों और जनसेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। इसमें अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति, मिशन शक्ति, साइबर अपराधों से बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930, आरटीसी, जेएफडी और ऑपरेशन कन्विक्शन जैसी प्रमुख पहलों की जानकारी दी गई। साथ ही ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत 1,64,917 अभियुक्तों को सजा दिलाए जाने की उपलब्धि भी साझा की गई।

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1952 में उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) को लाल एवं नीले रंग का पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। इस ऐतिहासिक अवसर पर पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने की शपथ भी दिलाई जाती है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781678 Articles

Share this story