प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में भाजपा ने झोंकी ताकत, 12 स्थानों पर तैनात रहेंगे कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में भाजपा ने झोंकी ताकत, 12 स्थानों पर तैनात रहेंगे कार्यकर्ता


—दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन पहुंचकर नमोघाट पर वायुसेना के एयर शो में होंगे शामिल

वाराणसी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित काशी दौरे को भव्य बनाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए क्षेत्र, जिला और महानगर संगठन को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए 12 प्रमुख स्थानों पर कार्यकर्ताओं की तैनाती की योजना बनाई गई है। स्वागत की कमान मंत्रियों, विधायकों, महापौर, संगठन के पदाधिकारियों और महिला मोर्चा को सौंपी गई है।

नमोघाट पर भारतीय वायुसेना के एयर शो के दौरान भी विशेष स्वागत व्यवस्था रहेगी। भाजपा इसे केवल प्रधानमंत्री का दौरा नहीं, बल्कि काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय गौरव को प्रदर्शित करने के अवसर के रूप में पेश कर रही है।

शनिवार शाम गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित क्षेत्र, जिला और महानगर पदाधिकारियों, मंडल एवं मोर्चा अध्यक्षों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं में लगे पदाधिकारियों की बैठक में स्वागत की तैयारियों की समीक्षा की गई। पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से, अत्यधिक व्यस्तता के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक तीन से चार महीने के अंतराल पर अपने संसदीय क्षेत्र काशी आते रहे हैं। हर दौरे में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलती है। इस बार काशी में एयर शो का आयोजन प्रधानमंत्री की ओर से काशीवासियों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और अपने सांसद का इंतजार केवल काशी के लोगों को ही नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं को भी रहता है। उनके आगमन की खबर से शहर में उत्सव जैसा माहौल बन जाता है और लोग स्वागत के लिए आतुर रहते हैं।

अशोक चौरसिया ने सभी कार्यकर्ताओं से अपने निर्धारित स्वागत स्थल पर समय से पहले पहुंचने और पूरी जिम्मेदारी से दायित्व निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और काशीवासियों की अगुवाई में प्रधानमंत्री का भव्य अभिनंदन किया जाएगा।

——पूर्वांह अरविंद मिल का उद्घाटन, दोपहर में गंगा के ऊपर एयर शो

काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा मिर्जामुराद जाएंगे, जहां अरविंद मिल की नई इकाई का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। पुलिस लाइन से सड़क मार्ग द्वारा नमोघाट जाएंगे और गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि नमोघाट पर एयर शो दोपहर दो बजे समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे और फिर विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

——महानगर के आठ और जिले के चार स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारी

वाराणसी महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि महानगर संगठन की ओर से आठ स्थानों पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्वागत करेंगी। इसके बाद पुलिस लाइन के सामने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल के नेतृत्व में, पुलिस लाइन चौराहे पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में कार्यकर्ता अभिनंदन करेंगे। खजूरी-मकबूल आलम रोड पर यस बैंक के सामने हुकुलगंज तिरमुहानी के पास महापौर अशोक कुमार तिवारी के नेतृत्व में स्वागत होगा। चौकाघाट लकड़ी मंडी में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय और प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी की अगुवाई में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। गोलगड्डा तिराहे पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव और प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर के नेतृत्व में स्वागत किया जाएगा। कज्जाकपुरा में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' और विद्यासागर राय की अगुवाई में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे। भदऊं चुंगी मोड़ पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में महानगर के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। महानगर संगठन ने सभी निर्धारित स्थलों पर कार्यकर्ताओं की समय से मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766288 Articles

Share this story