वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संभावित दौरे की तैयारियां शुरू, बरेका में रात्रि विश्राम
—प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र को देंगे छह हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात- परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की सूची बन रही
वाराणसी, 18 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी के 28 अप्रैल को वाराणसी पहुंचने की संभावना है, जहां वे बनारस इंजन रेल कारखाना (बरेका) के गेस्टहाउस में रात्रि विश्राम करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान लगभग 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 2,460 करोड़ रुपये की लागत से मालवीय पुल, राजघाट के समीप प्रस्तावित सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास भी शामिल है। जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होना है, उनकी अंतिम सूची जिला प्रशासन के निर्देश पर तैयार की जा रही है। कार्यक्रम को लेकर बरेका परिसर में व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम स्थल के सभी प्रवेश द्वारों, पार्किंग स्थल, हेलीपैड और गेस्टहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
बीते शुक्रवार की शाम पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल,जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था व अन्य तैयारियों को परखने के साथ अफसरों को दिशा—निर्देश दिया। जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर ने बरेका में संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी , सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का निरीक्षण किया। पुलिस कमिश्नर ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से सुरक्षा योजना की समीक्षा की। हेलीपैड, पार्किंग एरिया, वीवीआईपी एंट्री, ड्रॉपिंग जोन व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर विशेष दिशा निर्देश दिया। अफसरों के निर्देश पर वीवीआईपी आगमन के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और कार्यक्रम स्थल आसपास विशेष यातायात प्लान लागू कर डायवर्जन, बैरिकेडिंग व निर्बाध आवागमन के लिए व्यवस्थाएं की जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय की उच्चस्तरीय टीम ने काशी के समग्र विकास कार्यों की प्रगति की ऑनलाइन समीक्षा भी की है। इस दौरान जिले के शीर्ष अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

