प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने मरीजों को बांटे फल
मंत्री बोले - प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा
वाराणसी, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जश्न और सेवाभाव का माहौल है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के अगुवाई में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने चिरईगांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
अस्पताल के बाहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री अनिल राजभर ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, कार्यक्रम संयोजक कमलेश मौर्या, जयप्रकाश चौबे, शिव कुमार चौबे, ममता राय के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी भी मौजूद रहे।
काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर मोदी के लिए मांगा आशीर्वाद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को ही श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री की तस्वीर और राष्ट्रध्वज लेकर मां गंगा की आरती उतारी। इसके बाद प्रधानमंत्री के लिए बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से आर्शीवाद मांगा। कार्यक्रम के नेतृत्व कर्ता गंगा सेवक राजेश शुक्ल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज के दिन आजाद भारत के इतिहास में एक निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे समय तक पद पर रहने का प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे लंबे समय तक पीएम पद पर रहने का रिकार्ड अपने नाम कर लिया। राजेश शुक्ल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में 10 जून 2026 एक ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज हो गया है। उधर, इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की जिला एवं महानगर इकाई ने भी विविध सेवा, स्वच्छता, धार्मिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन किया।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, प्रमुख मंदिरों, घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम हुए। जनसेवा के विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जनपद के विभिन्न अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों, अनाथालयों और सेवा संस्थानों में फल, दवा, वस्त्र, साबुन एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित किया गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

