प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत के लिए तैयार काशी,दोपहर बाद पहुंचेंगे बरेका

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत के लिए तैयार काशी,दोपहर बाद पहुंचेंगे बरेका


—‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में पचास हजार महिलाओं से करेंगे संवाद,काशी को देंगे 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं की सौगात

वाराणसी,28 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 54वीं बार मंगलवार को पहुंचेंगे। दो दिवसीय दौरे पर काशी आ रहे प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन भी तैयार हैं । प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत के लिए लोग बेकरार हैं । उनके स्वागत के लिए पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया हैं । उनके आने—जाने वाले मार्ग के साथ जनसभा स्थल भी भाजपा के झंडे और प्रधानमंत्री के विशाल पोस्टर,बैनर,कटआउट से पट चुका हैं । प्रधानमंत्री की जनसभा में जाने के लिए पूर्वांह से ही पूरे शहर में तैयारी चलती रही।

बताते चलें कि प्रधानमंत्री अपरान्ह 02 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से बरेका वायुसेना के हेलीकॉप्टर से आएंगे। शाम पांच बजे बरेका इंटर कालेज मैदान में बने मंच से वह महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार जनसभा स्थल से ही प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को 6332 करोड़ की 163 परियोजनाओं का सौगात देंगे। इनमें 1054.69 करोड़ की 50 योजनाओं का लोकार्पण और 5277.39 करोड़ की 113 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही बनास (अमूल) से जुड़े प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर भी करेंगे। इसके अलावा वे दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन बनारस-पुणे (हडपसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाएंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story