प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर प्रत्येक बूथ पर जलेंगे आशीर्वाद के 200 दीये
—मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ मंदिर में करेंगें महारुद्राभिषेक
-प्रधानमंत्री 25 वर्षो की जनसेवा के कार्यों की रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में लगेगी प्रदर्शनी
वाराणसी, 16 सितम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर देश भर में 17 सितम्बर गुरूवार को प्रत्येक बूथ पर 200 'आशीर्वाद का दीया' जलाने का अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने सर्किट हाउस में भाजपा और प्रशासन की समन्वय बैठक में दी। उन्होंने बताया कि यह सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसका संदेश है 'जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा'।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को सायंकाल पूरे प्रदेश में एक साथ प्रत्येक बूथ पर 200 दीप जलाने का कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 सालों की जनसेवा और संकल्प के प्रति, जनता द्वारा आभार और आशीर्वाद देने का अभियान है। कहा कि आशीर्वाद का दिया जलाने का कार्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थी एवं काशीवासी स्वयं करेंगे।
बैठक में सासंद व कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कर्मभूमि काशी से जन्मभूमि वडनगर तक की 22 दिवसीय भव्य बाइक यात्रा का शुभारंभ प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर काशी में किया जाएगा। सांसद ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ना है। जैसे स्वच्छता, वृक्षारोपण, लाभार्थियों से संवाद, जनचौपाल करना प्रमुख है। उन्होंने बताया कि काशी की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को गुजरात के वडनगर से जोड़ना तथा देश की विविध नदियों, तीर्थ परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने कहा कि बाइक यात्रा के शुभारंभ से पूर्व काशी स्थित ज्योतिर्लिंग काशी विश्वनाथ का पवित्र नदियों के जल से अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना के साथ वाराणसी से वडनगर तक की 22 दिवसीय बाइक यात्रा प्रारंभ होगी।
इस विशेष यात्रा के निमित्त प्रमुख नदियों एवं पवित्र संगमों-गंगा, यमुना, आमी, राप्ती, नर्मदा, गोमती, बेतुआ, अलकनंदा, कुआनो, वरुणा एवं सरयू सहित संगम-का पवित्र जल एकत्रित किया गया है। पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान में शामिल होनें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहेंगे।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के प्रभारी रमेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कोरी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, अश्विनी त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मोर्या, विधायक अवधेश सिंह, टी. राम, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, नवरतन राठी,अमित राय, अनूप जायसवाल ने दी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

