प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर मंत्री अनिल राजभर ने किया रक्तदान, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी की भागीदारी

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर मंत्री अनिल राजभर ने किया रक्तदान, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी की भागीदारी


वाराणसी, 17 सितम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को जिले में विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने रिंग रोड ओवरब्रिज के पास चांदमारी स्थित मेडिस्योर एवं भगवान बुद्धा चेरिटेबल ब्लड सेंटर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक रक्तदान किया।

इस अवसर पर मंत्री अनिल राजभर ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों से जरूरतमंद मरीजों के लिए आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है और इससे बड़ा मानवीय सेवा कार्य कोई नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ मनाते हुए रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मंत्री ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सेवा कार्य में सहभागी बनने के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी रक्तदान कर सामाजिक सरोकार और जनसेवा का संदेश दिया।

रक्तदान कार्यक्रम के बाद मंत्री अनिल राजभर ने लोगों में फल वितरित किए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि देश और समाज की सेवा के लिए सभी को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले लोगों में उत्साह देखने को मिला। ब्लड सेंटर के कर्मचारियों एवं चिकित्सकीय टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच एवं प्रक्रिया पूरी कर रक्त संग्रह किया।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story