कुराश एशियन चैम्पियनशिप में कांस्य जीतने वाली प्रीति पटेल का सम्मान, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बढ़ाया उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
कुराश एशियन चैम्पियनशिप में कांस्य जीतने वाली प्रीति पटेल का सम्मान, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बढ़ाया उत्साह


वाराणसी, 17 जून (हि.स.)। तजाकिस्तान की राजधानी दुशांबे में आयोजित कुराश एशियन चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतकर काशी का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली खिलाड़ी प्रीति पटेल का बुधवार को उनके पैतृक गांव मथुरापुर भरथरा (रोहनिया) में भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा विशेष रूप से उनके आवास पहुंचे और उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

आयोजित सम्मान समारोह में राज्यमंत्री ने प्रीति की उपलब्धि को काशी ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रीति ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।

राज्यमंत्री ने प्रीति पटेल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रीति की उपलब्धि काशी के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, जो युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रीति पटेल को शुभकामनाएं और बधाई दी। लोगों ने कहा कि उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है।

उल्लेखनीय है कि प्रीति पटेल ने दुशांबे में आयोजित कुराश एशियन चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया, जिसके बाद काशी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story