पत्रकार समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं: डॉ. हिमांशु

WhatsApp Channel Join Now
पत्रकार समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं: डॉ. हिमांशु


काशी पत्रकार संघ की पहल पर पराड़कर भवन में लगा स्वास्थ्य शिविर,बड़ी संख्या में पत्रकारों और उनके परिजनों ने जांच कराई

वाराणसी,12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी पत्रकार संघ की पहल पर रविवार को गोलघर स्थित पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया। मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ के सहयोग से लगाए गए इस चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में काशी पत्रकार संघ एवं उससे संचालित वाराणसी प्रेस क्लब के सदस्यों और उनके परिजनों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में, विशेषकर पत्रकारिता जैसे जिम्मेदार पेशे में, लोग अक्सर दूसरों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देते हैं। शिविर में मेदांता के डॉक्टर हिमांशु पांडेय ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं, लेकिन खबरों की दौड़ में वे अपने स्वास्थ्य को पीछे छोड़ देते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच न केवल बीमारियों का समय रहते पता लगाने में मदद करती है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर यह समझने का अवसर देते हैं कि शरीर में किस पोषक तत्व की कमी है, किन आदतों को बदलने की जरूरत है और कैसे छोटी-छोटी सावधानियों से बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है। नियमित जांच, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और मानसिक तनाव को नियंत्रित करना। ये सभी स्वस्थ जीवन के आधार स्तंभ हैं।

कार्यक्रम के दौरान काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र और महामंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव ने चिकित्सकों का स्वागत करते हुए इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि पत्रकार और उनके परिवार स्वस्थ और जागरूक रह सकें। शिविर में चिकित्सक डॉ. ऋषभ, टीम मैनेजर अजीत पांडेय, नम्रता शुक्ला, अलका सिंह ने स्वास्थ्य की जांच की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सुनील शुक्ला व पुरुषोत्तम चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष डॉ जयप्रकाश श्रीवास्तव, प्रेस क्लब के अध्यक्ष चन्दन रूपानी, उपाध्यक्ष देवकुमार केशरी, मंत्री विनय शंकर सिंह, कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष योगेश कुमार गुप्त, राजनाथ तिवारी, डाॅ.अत्रि भारद्वाज, रमेश राय आदि की भी मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story