बीएचयू पर्वतारोही दल को कुलपति प्रो. अजित चतुर्वेदी ने झंडी दिखाकर किया रवाना

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू पर्वतारोही दल को कुलपति प्रो. अजित चतुर्वेदी ने झंडी दिखाकर किया रवाना


—14-सदस्यीय पर्वतारोही दल फ्रेंडशिप पीक मिशन के लिए किया प्रस्थान

—मनाली व्यास कुंड मार्ग से उच्च हिमालयी शिविरों के माध्यम से 17,352 फीट ऊँची फ्रेंडशिप पीक के शिखर तक पहुँचेगा छात्रों का दल

वाराणसी, 20 जून (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के विश्वविद्यालय पर्वतारोहण केन्द्र के विद्यार्थियों का 14 सदस्यीय दल शनिवार को हिमाचल प्रदेश स्थित माउंट फ्रेंडशिप पीक के आरोहण के लिए रवाना हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने दल के सदस्यों से संवाद करते हुए उनके अब तक के प्रशिक्षण एवं अनुभव के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से अभियान की तैयारियों पर चर्चा की तथा उनका जमकर उत्साहवर्धन किया।

कुलपति ने कहा कि सभी सदस्य पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करें और सुरक्षित रूप से सफलतापूर्वक लौटें। कुलपति ने पर्वतारोही दल के समस्त सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्र अधिष्ठाता प्रो. आर.के. सिंह, वित्त विभाग के संयुक्त कुलसचिव (अकाउंट्स) डॉ. संजय कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। पर्वतारोहण केन्द्र के प्रभारी प्रो. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान प्रशिक्षक बलराम यादव एवं शिवनारायण यादव के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। माउंट फ्रेंडशिप पीक हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वतमाला में स्थित है तथा अभियान का प्रारम्भ मनाली से होगा। मनाली पौराणिक कथाओं में मनु तथा महाभारतकालीन पात्र हिडिम्बा से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है।

अभियान दल मनाली से सोलंग, धुंधी एवं बकरथाच होते हुए व्यास कुंड पहुंचेगा, जिसे व्यास नदी का उद्गम स्थल माना जाता है। व्यास कुंड समुद्र तल से लगभग 12,772 फीट की ऊँचाई पर स्थित है। इसके उपरांत दल लेडी लेग क्षेत्र में लगभग 15,500 फीट की ऊँचाई पर अपना दूसरा शिविर स्थापित करेगा। आगे बढ़ते हुए लगभग 14,900 फीट की ऊँचाई पर एडवांस बेस कैम्प स्थापित किया जाएगा, जहां स्नोक्राफ्ट एवं आइसक्राफ्ट का प्रशिक्षण एवं अभ्यास सम्पन्न किया जाएगा। इसके पश्चात दल 17,352 फीट ऊँचे फ्रेंडशिप पीक पर अंतिम आरोहण करेगा।

प्रो. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिभागियों ने इस अभियान के लिए पिछले तीन महीनों तक कठोर शारीरिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अभियान दल 30 जून 2026 तक वाराणसी लौट आएगा। अभियान दल में अगुआई कर रहे संदीप कुमार यादव तथा कुसुम कुमारी, क्वार्टर मास्टर निशांत सिंह एवं निधि प्रजापति, मेडिकल ऑफिसर अनु कुमारी, इन्फॉर्मेशन ऑफिसर राजा कुमार, इक्विपमेंट ऑफिसर शुभम कुमार उपाध्याय, लगेज ऑफिसर सुमन उरांव एवं नीतिश कुमार गुप्ता, ट्रांसपोर्ट ऑफिसर आदित्य यादव एवं शोभा पासवान तथा रिक्रिएशन ऑफिसर चारू राठौर शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story