वेदना और संस्कार ही पत्रकारिता का चरित्र: ब्योमेश शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
वेदना और संस्कार ही पत्रकारिता का चरित्र: ब्योमेश शुक्ला


—पराड़कर जयंती पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने पत्रकारिता के आदर्श, मूल्यों और वर्तमान चुनौतियों पर रखे विचार

वाराणसी,15 नवम्बर (हि.स.)। स्वातंत्र्यपूर्व हिंदी पत्रकारिता के युगपुरुष और संपादकाचार्य बाबूराव विष्णु पराड़कर की जयंती पर रविवार को काशी पत्रकार संघ की ओर से पराड़कर स्मृति भवन में ‘पराड़कर जी की पत्रकारिता, आदर्श और आज की पत्रकारिता की चुनौतियां’ विषयक संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में वक्ताओं ने पराड़कर जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने, विचारों को जागृत करने और जनसरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का सशक्त माध्यम है।

संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल ने कहा कि काशी की धरती ने पत्रकारिता को नए आयाम दिए हैं। यह शहर केवल धर्म और संस्कृति का केंद्र नहीं, बल्कि भाषा, साहित्य और वैचारिक चेतना की भी महत्वपूर्ण भूमि रही है। बाबूराव विष्णु पराड़कर ऐसे दूरदर्शी पत्रकार थे, जिन्होंने पत्रकारिता को विचार और वैचारिक आंदोलन की ताकत दी। वे क्रांतिकारी चेतना के प्रणेता रहे और जीवनभर आदर्श पत्रकारिता के मूल्यों तथा उसके संघर्षों के प्रति गंभीर रहे।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में संवेदना और साहित्य का होना बेहद जरूरी है। जिस दिन पत्रकारिता से साहित्य और संवेदना समाप्त हो जाएगी, उसी दिन उसकी आत्मा भी समाप्त हो जाएगी। पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि चरित्र और संस्कार है। इसे अपनी जड़ों, सामाजिक सरोकारों और नैतिक मूल्यों से जोड़े रखना होगा।

सोच विचार पत्रिका के सम्पादक साहित्यकार नरेन्द्र नाथ मिश्र ने कहा कि पत्रकारिता के सामने चुनौतियां पहले भी थीं, आज भी हैं और भविष्य में भी रहेंगी। सोशल मीडिया के दौर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ नई जिम्मेदारियां भी सामने आई हैं। अभिव्यक्ति की आजादी का अर्थ पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर अपनी बात रखना नहीं है। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ इंदीवर पाण्डेय ने कहा कि पत्रकारों को अपनी मर्यादा, विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखनी होगी। आज सबसे बड़ी चुनौती भाषा की है। पत्रकारिता की भाषा में संतुलन, शालीनता और संवेदनशीलता जरूरी है। शब्दों की गरिमा और भाषा की मर्यादा ही पत्रकारिता की विश्वसनीयता को मजबूत करती है। प्रो. श्रद्धानंद ने कहा कि पराड़कर जी की पत्रकारिता आज भी नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

संगोष्ठी में अतिथियों का स्वागत काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र और संचालन वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर काशी पत्रकार संघ के पूर्व अध्यक्ष योगेश गुप्त, डॉ॰ अत्रि भारद्वाज, राजनाथ तिवारी, कैलाश यादव, सुनील शुक्ला, विनय शंकर सिंह, रजनीश सिंह आदि की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777441 Articles

Share this story