वाराणसी : स्मार्ट काशी ऐप से घर बैठे कराएं पालतू डॉग व बिल्ली का पंजीकरण

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : स्मार्ट काशी ऐप से घर बैठे कराएं पालतू डॉग व बिल्ली का पंजीकरण


—अब पशुपालकों को दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं,'ऐप'के माध्यम से ऑनलाइन सुविधा

वाराणसी, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम ने पशु पालकों की सुविधा के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया अब पूरी तरह डिजिटल कर दिया है। ऐसे में अब स्मार्ट काशी ऐप के माध्यम से घर बैठे ही पशु प्रेमी अपने पालतू जानवरों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

शहरी सीमा में पशु प्रेमी और घर में कुत्ता या बिल्ली पालने के शौकीन लोगों को अब इन जानवरों का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी करने वाले पशुपालकों को न केवल आर्थिक दंड भुगतना होगा, बल्कि उन पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। नगर निगम प्रशासन अब पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण (श्वान प्रजनन एवं विपणन) नियम 2017 को कड़ाई से अनुपालन कराने की तैयारी कर रहा है।

गुरूवार को नगर निगम के पशु कल्याण एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष पाल ने बताया कि पालतू जानवरों का पंजीकरण कराने के लिए पशुपालकों को ऑनलाइन व आफलाइन दोनों सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इस नियम का मुख्य उद्देश्य पशुओं की सुरक्षा और शहर में पालतू जानवरों का सटीक डेटा रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजीकरण न कराने की स्थिति में पशुपालकों पर 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही गंभीर उल्लंघन के मामलों में पशु को जब्त करने जैसी कानूनी कार्रवाई भी संभव है।

——कुछ नस्लों पर विशेष पाबंदी

डॉ. संतोष पाल के अनुसार , नगर निगम ने पिटबुल, रॉटवीलर, डोगो अर्जेंटीनो, तोसा, फाइला ब्रासीलियो जैसे आक्रामक माने जाने वाले कुत्तों के पालतूकरण को प्रतिबंधित किया है।

—समय रहते अपने पालतू पशुओं का विवरण दर्ज करा लें

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि कुत्तों और बिल्लियों के पंजीकरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने के लिए इसे पूरी तरह डिजिटल किया गया है। ऐसे में समय रहते अपने पालतू पशुओं का विवरण दर्ज करा लें, ताकि जुर्माने से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story