वाराणसी: 'नो फ्यूल डे': घर से पैदल ही नगर निगम पहुंचे महापौर अशोक तिवारी

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी: 'नो फ्यूल डे': घर से पैदल ही नगर निगम पहुंचे महापौर अशोक तिवारी


— प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर ईंधन बचत व पर्यावरण संरक्षण के लिए पहल

वाराणसी, 23 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर ईंधन की बचत और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विशिष्ट जनों ने पहल शुरू कर दी है। पूर्व घोषित कार्यक्रम 'नो फ्यूल डे' के तहत शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी अपने आवास से पैदल ही नगर निगम कार्यालय पहुंचे।

महापौर को सड़क पर पैदल चलते देख नगर निगम के अफसरों और कर्मचारियों के साथ पार्षदों ने भी इस संकल्प को अमलीजामा पहनाया और साइकिल या अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों से नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। बताते चले,नगर निगम में बीते बुधवार को सामूहिक निर्णय लिया गया था कि हर शनिवार को 'नो फ्यूल डे' मनाया जाएगा। हालांकि, महापौर अशोक कुमार तिवारी ने एक कदम आगे बढ़ते हुए प्रतिदिन पैदल दफ्तर आने का जो संकल्प लिया था, उसका अनुपालन उन्होंने बीते गुरुवार से ही शुरू कर दिया। उनके साथ कुछ समर्थक और पार्षद भी इस मुहिम में शामिल दिखे।

—अधिकारियों और पार्षदों में भी उत्साह

महापौर की इस पहल का असर निगम के अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर भी दिख रहा है। शनिवार को 'नो फ्यूल डे' पर पार्षदों ने भी साइकिल या इलेक्ट्रिक वाहनों से आने का मन बना लिया है। महापौर अशोक तिवारी ने अपील की है कि नगर निगम के सभी कर्मचारी भी सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी पेट्रोल-डीजल वाहनों का त्याग करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के हित में ईंधन बचाने का आह्वान किया है। काशी का प्रथम नागरिक होने के नाते मेरा यह कर्तव्य है कि मैं स्वयं इसकी शुरुआत करूँ। जब तक आवश्यक न हो, मैं पैदल चलकर ही जनता की सेवा और दफ्तर के कार्य निपटाऊंगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story