बीएचयू कर्मचारी नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में कॉमर्स सुपर किंग्स बनी विजेता

WhatsApp Channel Join Now
बीएचयू कर्मचारी नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में कॉमर्स सुपर किंग्स बनी विजेता


— काशी वॉरियर्स उपविजेता

वाराणसी, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के तत्वावधान में बीएचयू कर्मचारी नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शुक्रवार शाम काशी वॉरियर्स और कॉमर्स सुपर किंग्स (सी.एस.के.) के बीच रुइया ग्राउंड पर खेला गया। प्रतियोगिता में काशी वॉरियर्स ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। कॉमर्स सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 126 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी वॉरियर्स की टीम 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 89 रन ही बना सकी। इस प्रकार कॉमर्स सुपर किंग्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए काशी वॉरियर्स की टीम को 37 रनों से पराजित कर खिताब पर अपना दबदबा बनाया।

कॉमर्स सुपर किंग्स की टीम के प्रमुख खिलाड़ियों, अनिकेत श्रीवास्तव, गोविन्द मोंडल, अभिषेक, अवधेश और अनिल, ने पूरे टूर्नामेंट में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया और जीत दिलाई। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए गोविन्द मोंडल को प्लेयर ऑफ द मैच तथा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि प्रो. अभिजीत मोंडल, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग, चिकित्सा विज्ञान संस्थान उपस्थित रहे। बीएचयू कर्मचारियों के बीच खेल भावना, एकता और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने भाग लिया। आयोजन में रोमांचक मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह के साथ सभी टीमों के बीच खेल भावना का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story