स्वगणना में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें काशीवासी - नगर आयुक्त
वाराणसी, 17 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी के नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने काशीवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे जनगणना 2027 के अंतर्गत 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक संचालित स्वगणना में बढ़-चढ़कर सहभागिता सुनिश्चित करें। इसके पश्चात एक दिसंबर से 4 जनवरी तक संचालित जनसंख्या गणना के दौरान गणना कर्मियों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग के लिए प्रेरित करें।
नगर आयुक्त ने आगे कहा कि जनगणना देश के विकास एवं बेहतर योजनाओं के निर्माण का आधार है। आइए, हम सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं और मिलकर जनगणना 2027 को सफल बनाएं। यह हमारा कर्तव्य भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

