वाराणसी के नवागत नगर आयुक्त ने कार्यभार संभाला, बाबा विश्वनाथ और कालभैरव के दरबार में हाजिरी लगाई

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी के नवागत नगर आयुक्त ने कार्यभार संभाला, बाबा विश्वनाथ और कालभैरव के दरबार में हाजिरी लगाई


बोले—आमजन को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, यह रहेगी पहली प्राथमिकता, देव दीपावली की तैयारियों पर भी फोकस

वाराणसी, 14 नवम्बर (हि.स.)। गोरखपुर जनपद के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) रहे 2021 बैच के आईएएस अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने शनिवार को वाराणसी के नए नगर आयुक्त के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। धर्म नगरी काशी पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया, जिसके पश्चात सिगरा स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचकर पदभार संभाला। शासन स्तर से हुए स्थानांतरण के बाद उन्होंने निवर्तमान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल का स्थान लिया है, जिन्हें चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार गाजियाबाद का नगर आयुक्त बनाया गया है।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में नवनियुक्त नगर आयुक्त ने अपनी कार्ययोजना स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि शहर की बेहतर साफ-सफाई, सीवर समस्या का समाधान और सामान्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उनका प्रयास रहेगा कि 'कॉमन मैन' (आम आदमी) को अपने किसी भी छोटे-बड़े कार्य के लिए नगर निगम दफ्तर के चक्कर न काटने पड़ें। नवागत नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने कहा कि काशी में चल रही बड़ी विकास परियोजनाओं को गति दी जाएगी और स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग दिलाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने शहर की वर्तमान सफाई व्यवस्था और लाइटिंग की सराहना करते हुए कहा कि पहली नजर में काशी की व्यवस्था काफी बेहतर लगी है। आगामी देव दीपावली को लेकर उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से फीडबैक लेकर इसकी तैयारियों और व्यवस्थाओं को और अधिक भव्य व सुगम बनाया जाएगा। महादेव की नगरी में अपनी पहली पोस्टिंग को लेकर उत्साहित नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि कोई भी नागरिक अपनी समस्या के समाधान के लिए उनसे सीधे संपर्क कर सकता है।

——प्रशासनिक व शैक्षणिक पृष्ठभूमि

मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले शाश्वत त्रिपुरारी की गिनती उत्तर प्रदेश कैडर के सक्रिय युवा अधिकारियों में होती है। सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की। प्रशासनिक सेवा के दौरान वे वाराणसी आने से पहले अलीगढ़, मथुरा और गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। गोरखपुर में सीडीओ के पद पर रहते हुए ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story