वाराणसी के विभिन्न थानों में नए सिपाहियों ने बेहतर पुलिसिंग का गुर सीखा,पहली बार गश्त पर
—पुलिस कमिश्नर ने सिपाहियों को दी नसीहत, जनता से मित्रवत व्यवहार करें
वाराणसी, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के विभिन्न थानों में तैनात नए सिपाहियों ने गुरूवार को बेहतर पुलिसिंग का व्यावहारिक गुर सीखा। नवागत महिला और पुरूष कांस्टेबलों का थानों में माला पहना कर स्वागत किया गया। थानों में तैनात थाना प्रभारियों और अन्य अफसरों ने नए सिपाहियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने और बेहतर पुलिसिंग की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि जनता से मित्रवत व्यवहार करें और कानून व्यवस्था बनाए रखें। बैठक के बाद अफसरों ने नए सिपाहियों के साथ अपने—अपने थाना क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया। लोहता में थानाध्यक्ष ने नवागत पुलिसकर्मियों के साथ लोहता कस्बा, हरपालपुर, लोहता तिराहा का भ्रमण किया। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई। अफसरों ने कहा कि सभी दुकानदार सड़क से अतिक्रमण तुरंत हटा लें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम ने लोहता कस्बा व हरपालपुर की मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों से संवाद किया। बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। इसी तरह सिगरा थाने में नवागत महिला और पुरूष सिपाहियों पर पुष्पवर्षा कर माला पहनाकर थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नए पुलिस कर्मियों को बेहतर पुलिसिंग का तरीका बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

