बाबा कालभैरव के दरबार में मत्था टेक नवागत पुलिस कमिश्नर किरन एस. ने संभाला कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
बाबा कालभैरव के दरबार में मत्था टेक नवागत पुलिस कमिश्नर किरन एस. ने संभाला कार्यभार


वाराणसी, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में काशी नगरी (वाराणसी) के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में विधिवत मत्था टेकने के बाद नवागत पुलिस आयुक्त किरन एस. ने शनिवार को पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने बाबा कालभैरव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर काशी की शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आशीर्वाद मांगा।

पुलिस आयुक्त कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के दौरान प्रशासनिक एवं विभागीय औपचारिकताएं पूरी की गईं। इस क्रम में विभागीय कार्यों, प्रशासनिक दायित्वों और संबंधित अभिलेखों का विधिवत हस्तांतरण किया गया। निवर्तमान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नवागत पुलिस आयुक्त को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

कार्यभार संभालने के बाद नवागत पुलिस आयुक्त ने कमिश्नरेट वाराणसी में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, जनोन्मुखी एवं सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। इससे पहले किरन एस. ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। काशी की परंपरा के अनुसार यहां तैनाती संभालने वाले कई वरिष्ठ अधिकारी सबसे पहले बाबा कालभैरव के दरबार में हाजिरी लगाते हैं। मान्यता है कि बाबा कालभैरव काशी के कोतवाल हैं और नगर की सुरक्षा का दायित्व उन्हीं के हाथों में है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए नवागत पुलिस आयुक्त ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर के पुजारियों ने उन्हें प्रसाद और रक्षा सूत्र भेंट किया। मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story