वाराणसी : मरीजों की सेवा कर कांग्रेस ने मनाई पंडित नेहरू की जयंती, मरीजों काे बांटे गये फल
वाराणसी, 14 नवंबर (हि.स.)। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को वाराणसी महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से सेवा कार्य किये गये। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न अस्पतालों में पहुंच कर मरीजों की देखभाल की और उनके बीच फल वितरित कर बाल दिवस मनाया।
इसी क्रम में पार्टी के विधानसभा प्रभारी डॉ. राजेश गुप्ता के संयोजन में कबीरचौरा स्थित श्री शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और फल वितरित किए। साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों में सेवा, सद्भाव, मानवता और सामाजिक समरसता का विशेष महत्व था। उनके इन्हीं आदर्शों को आत्मसात करते हुए मरीजों की सेवा के माध्यम से उनकी जयंती मनाई गई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

