शक्तिपीठ माँ विशालाक्षी दरबार से फल नैवेद्य वस्त्र आया श्री काशी विश्वनाथ धाम

WhatsApp Channel Join Now
शक्तिपीठ माँ विशालाक्षी दरबार से फल नैवेद्य वस्त्र आया श्री काशी विश्वनाथ धाम


—पूजन में आया सामान बाबा के पावन ज्योर्तिलिंग पर समर्पित

वाराणसी, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) मीरघाट स्थित शक्तिपीठ माँ विशालाक्षी के दरबार से वासंतिक चैत्र नवरात्र के पूर्व संध्या बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में पूजन सामग्री भेजा गया। गाजे—बाजे के साथ पूजन सामग्री लेकर मंदिर के महंत राजनाथ तिवारी व अन्य बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे। जहां मंदिर न्यास के अफसरों के साथ श्रद्धालुओं ने सबका स्वागत किया। इस दौरान पूरा परिसर हर—हर महादेव और मातारानी के जयकारे से गुजांयमान रहा।

मंदिर न्यास के अफसरों के अनुसार श्रद्धा और भक्ति के साथ माँ विशालाक्षी शक्तिपीठ से पूजन के लिए आया फल, नैवेद्य, वस्त्र, बाबा के अभिषेक के लिए पवित्र जल तथा नारियल श्री विश्वेश्वर के श्री चरणों में समर्पित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर माता के आशीर्वाद की कामना की। वातावरण भक्तिमय रहा और सभी ने आने वाले नवरात्रि पर्व को शांति, समृद्धि एवं सुख-कल्याण का संदेश देने वाला बताया। बताया गया कि इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से सनातन परंपराओं के प्रति आस्था और समर्पण की भावना का पुनः स्मरण कराया गया।

——बीएचयू के विश्वनाथ मंदिर में कलश स्थापित होगा

वासंतिक चैत्र नवरात्र के पहले दिन गुरूवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर में कलश स्थापित होगा। मंदिर के मानद व्यवस्थापक के अनुसार श्री विश्वनाथ मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चैत्र नवरात्र महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर गुरूवार को पूर्वांह 10:00 बजे श्री विश्वनाथ मंदिर प्रांगण में कलश स्थापना का शुभ कार्यक्रम संपन्न होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story