वाराणसी: नमोघाट पर सीआरपीएफ के जवानों ने पूरे उत्साह के साथ किया योगाभ्यास
योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बेहतर, बल्कि तनाव दूर करने का साधन : डिप्टी कमांडेंट
वाराणसी, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के नमो घाट पर चल रहे सप्ताहव्यापी योग कार्यक्रम में शनिवार को 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों और अफसरों के साथ स्कूली बच्चों ने भी पूरे उत्साह से भागीदारी की। गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित सप्ताहव्यापी योग कार्यक्रम में योगाचार्य अभय स्वाभिमानी ने सरल और प्रभावी ढंग से सभी को योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया और उनके महत्व को समझाया।
सुबह के सत्र में योग प्रशिक्षक ने भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' के तहत अभ्यास कराया। जवानों और बच्चों के साथ महिलाओं को भी कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम के साथ-साथ ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन और शवासन जैसे विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया गया।
इस अवसर पर सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट कृष्णकांत यादव ने कहा कि सीआरपीएफ के जवानों को अत्यंत कठिन और तनावपूर्ण परिस्थितियों में देश की सेवा करनी पड़ती है। योग जवानों के स्वास्थ्य को चुस्त-दुरुस्त रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू ने बताया कि इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जवानों, टीचरों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना और आम जनमानस को योग के प्रति जागरूक करना रहा। आज के योग अभ्यास में पारस यादव पप्पू, लालचंद, रमेश गुप्ता, राम, समुझ, गुप्ता, संतलाल, पप्पू मौर्य, मुन्ना चौरसिया, कमलेश शर्मा, मनीष सिंह, नंदनी यादव, निशा ,सुमन लता, कंचन, श्रेया, दीपमाला और पल्लवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समिति के पदाधिकारियों ने जवानों और अफसरों को केसरिया अंगवस्त्रम पहनाकर सम्मानित किया। वहीं,योगाभ्यास में शामिल लोगों को सीआरपीएफ ने टी-शर्ट वितरित किया।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

