वाराणसी : गंगापार कोदोपुर में 350 बीघा में बनेगा योगा व वेलनेस सेंटर, 60 मीटर चौड़ा वाकिंग पाथवे
-महापौर व नगर आयुक्त ने प्रस्तावित स्थल का किया स्थलीय निरीक्षण
वाराणसी, 31 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में नगर निगम प्रशासन गंगापार कोदोपुर (डोमरी) क्षेत्र में लगभग 350 बीघा में एक भव्य योगा एवं वेलनेस सेंटर विकसित करने की तैयारी में है। नगर निगम की इस पहल से न केवल गंगापार क्षेत्र का कायाकल्प होगा, बल्कि यह स्थल काशी के नए टूरिज्म और वेलनेस हब के रूप में उभरेगा। निगम इस प्रोजेक्ट की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के प्रयास में जुटा हुआ है।
गंगापार के इस विशाल भूभाग को पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के आधुनिक केंद्र के रूप में संवारा जाएगा। शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इस प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना की समीक्षा की। और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस योजना के तहत यहां 350 बीघा के दायरे में 60 मीटर चौड़ा एक भव्य पाथवे (टहलने के लिए मार्ग) तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही एक विशाल योगा पार्क और ओपन जिम की स्थापना की जाएगी, जहां काशीवासी और बाहर से आने वाले श्रद्धालु व पर्यटक प्राकृतिक माहौल में योग और व्यायाम कर सकेंगे। पूरे परिसर में व्यापक पौधरोपण कर इसे ग्रीन जोन के रूप में विकसित करने की तैयारी है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने डोमरी क्षेत्र में छठ व्रतियों के लिए उत्तम व्यवस्था कराने, पर्याप्त प्रकाश, चेंजिंग रूम और पेयजल जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित कराने का निर्देश दिया ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
महापौर अशोक तिवारी के अनुसार, काशी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। गंगापार कोदोपुर (डोमरी) में 350 बीघा में बनने जा रहा यह योगा एवं वेलनेस सेंटर शहरवासियों को एक सेहतमंद माहौल प्रदान करेगा। यहां 60 मीटर चौड़ा पाथवे, ओपन जिम और योग की सुविधाओं के साथ-साथ छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं दी जाएंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

