वाराणसी : अस्सी घाट पर गंगा में जलकुंभी हटाने का अभियान, जल्द उतरेगी ट्रैश बोट मशीन

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : अस्सी घाट पर गंगा में जलकुंभी हटाने का अभियान, जल्द उतरेगी ट्रैश बोट मशीन


-जलस्तर बढ़ने के साथ नदियों में समाई जलकुंभी, नगर निगम ने चलाया विशेष सफाई अभियान

वाराणसी, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में मानसून के आगमन के साथ ही गंगा और उसकी सहायक नदी वरुणा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के साथ ही नदियों के पानी में भारी मात्रा में जलकुंभी बहकर आ गई है, जिससे घाटों की सुंदरता और जल प्रवाह दोनों प्रभावित हो रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और नदियों को जलकुंभी से मुक्त कराने के लिए बड़े पैमाने पर सफाई अभियान शुरू कर दिया है।

नगर निगम की टीम ने शनिवार को अस्सी घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाकर जलकुंभी को हटाने का कार्य किया। अभियान के दौरान घाट के किनारे जमा जलकुंभी को बाहर निकालकर किनारे लगाया गया, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही नगर निगम ने शहर की सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं से भी नदियों को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के इस पवित्र कार्य में सहयोग करने का आह्वान किया है। सफाई व्यवस्था को और अधिक गति देने के लिए निगम आधुनिक तकनीकों का भी सहारा लेने जा रहा है। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि गंगा और वरुणा नदी में तेजी से जलकुंभी को साफ कराने के लिए जल्द ही 'ट्रैश बोट मशीन' उतारने की योजना बनाई गई है। इस मशीन के जरिए नदियों के बीच से जलकुंभी और तैरते हुए कचरे को कम समय में आसानी से निकाला जा सकेगा, जिससे नदियों का जल प्रवाह सुचारू बना रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story