वाराणसी में चिकित्सा संस्थानों के लिए विशेष कैंप सोमवार से,आईएमए भवन लहुराबीर में लगेगा कैंप

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में चिकित्सा संस्थानों के लिए विशेष कैंप सोमवार से,आईएमए भवन लहुराबीर में लगेगा कैंप


—15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवर कर जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट

वाराणसी,24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवर कर जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट दे रहा है । वही, डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का ऑनलाइन टैक्स करने वाले भवन स्वामियों को दो प्रतिशत की अतिरिक्त यानी 12 प्रतिशत की छूट मिल रही है । इसके साथ ही चिकित्सा संस्थानों की सुविधाओं के लिए दो दिवसीय विशेष कैंप 25 मई से आयोजित किया गया है। नगर निगम ने स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े संस्थानों के लिए विशेष सुविधा का प्रबंध किया है। सोमवार और मंगलवार, यानी 25 और 26 मई को 'डॉ. बीसी रॉय हॉल, आईएमए भवन, लहुराबीर' में एक वृहद कैंप का आयोजन किया गया है। यहां चिकित्सा संस्थान अपनी अनुज्ञप्ति शुल्क (लाइसेंस) के साथ-साथ गृहकर, जलकर और सीवर कर जमा कर सकते हैं।

रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 7 मई से अब तक लाखों भवन स्वामियों को इस छूट का लाभ दिया जा चुका है। उन्होंने उन करदाताओं को आश्वस्त किया जिन्होंने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच टैक्स जमा किया था, कि उनकी छूट की राशि को अगले वित्तीय वर्ष में समायोजित (एडजस्ट) कर दिया जाएगा, अतः उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। इस बार सामाजिक सरोकार के तहत विशेष श्रेणी के करदाताओं को बड़ी राहत दी गई है। शहर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और पद्म पुरस्कार से सम्मानित विभूतियों को गृहकर, जलकर और सीवर कर में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story